अंतर्राष्ट्रीय साइंस फेस्टीवल के कर्टन रेजर में शामिल हुए मंत्री सखलेचा
भोपाल
भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव IISF-2022 का 8वां संस्करण 21 से 24 जनवरी 2023 तक भोपाल में होगा। यह बात विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा एमएसएमई मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने नेशनल मीडिया सेंटर, नई दिल्ली में संपन्न हुए इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल-2022 के कर्टेन रेजर प्रोग्राम में कही।
कर्टन रेजर प्रोग्राम में आईआईएसएफ-2022 के ब्रोशर का विमोचन भी किया गया। इस दौरान केन्द्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, विज्ञान भारती के राष्ट्रीय महासचिव सुधीर भदोरिया, राष्ट्रीय सचिव प्रवीण रामदास, केन्द्र सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार अजय के. सूद, सचिव जैव प्रौद्योगिकी एवं प्रख्यात वैज्ञानिक डॉक्टर राजेश एस. गोखले भी उपस्थित थे।
मंत्री सखलेचा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि खुशी की बात है कि आगामी समय में इन्वेस्टर्स समिट, आईआईएसएफ और जी-20 जैसे बड़े आयोजन मध्यप्रदेश में होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय विज्ञान के गौरवशाली, उपलब्धिपूर्ण और प्रेरणादायी इतिहास से नई पीढ़ी को परिचित कराने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऐसा भरोसा है विज्ञान महोत्सव इसका माध्यम बनेगा । उन्होंने कहा कि आईआईएसएफ एक महोत्सव है, विज्ञान सम्मेलन या संगोष्ठी नहीं है। मंत्री सखलेचा ने महोत्सव में सम्मिलित होने के लिए वैज्ञानिकों से आग्रह करते हुए कहा कि भारत की वैज्ञानिक और तकनीकी प्रगति की उपलब्धियों का उत्सव मनाने के इस कार्यक्रम में आप सभी जरूर शामिल हों।
भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव IISF-2022 विज्ञान भारती के सहयोग से विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय और स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से अंतर्राष्ट्रीय स्तर का विज्ञान उत्सव होगा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

