मंत्री सारंग ने किया तीन दिवसीय अंतर विश्वविद्यालय राज्य स्तरीय युवा उत्सव का शुभारंभ
भोपाल
चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने शुक्रवार को बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के ज्ञान-विज्ञान भवन से तीन दिवसीय अंतर विश्वविद्यालय राज्य स्तरीय युवा उत्सव-सत्र 2022-23 का शुभारंभ किया। भारत माता के जयकारों के साथ अपना संबोधन शुरू करते हुए मंत्री सारंग ने कहा कि विश्व में हुए सभी ऐतिहासिक परिवर्तनों में युवाओं की सबसे अहम भूमिका रही है। युवा अवस्था व्यक्ति के जीवन काल का स्वर्णिम काल होता है। इसके सदुपयोग से इतिहास बदला और बनाया जा सकता है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद एवं महात्मा गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि इन महापुरूषों ने भी राष्ट्र के उत्थान एवं जन-मानस कल्याण के कार्य अपनी युवा अवस्था में ही किये।
मंत्री सारंग ने कहा कि राष्ट्र का भविष्य युवाओं के ही हाथ में हैं, वे ही राष्ट्र के भविष्य का निर्धारण करते हैं। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि 21वीं सदी का भारत विश्व के मानचित्र पर सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र के रूप में स्थापित होगा। उनके इस कथन को नये भारत के युवा ही पूरा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवा संकल्प लें कि वे अपना हर कर्म भारत को सर्वोच्च राष्ट्र के रूप में स्थापित करने समर्पित करें।
सारंग ने विशिष्ट अतिथियों के साथ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। रानी लक्ष्मीबाई शासकीय महाविद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस.के. जैन ने मंत्री सारंग को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस.के. जैन, कुलसचिव डॉ. आई.के. मंसूरी सहित अध्यापक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

