राजस्थान में रार, हरियाणा में प्यार; BJP संग गठबंधन पर क्या बोले JJP के चौटाला

देश

 चंडीगढ़ 
हरियाणा में भाजपा के साथ गठबंधन सरकार में शामिल जेजेपी के नेता और प्रदेश के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने बड़ी घोषणा की है उनकी पार्टी साल 2024 में लोकसभा और विधानसभा चुनाव भाजपा के साथ गठबंधन में लड़ेगी। हालांकि राजस्थान पर अभी फैसला नहीं लिया है। दरअसल, जेजेपी अगले साल राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाग लेने की इच्छुक है, पर वह चुनाव भाजपा के साथ गठबंधन में लड़ेगी, इस पर फैसला अभी नहीं लिया है। सूत्रों का कहना है कि जेजेपी कम से कम 18 सीट पर चुनाव लड़ना चाहती है, लेकिन भाजपा के साथ इस पर अभी सहमति नहीं बन पाई है। जेजेपी 2019 से हरियाणा सरकार में भाजपा की जूनियर अलायंस पार्टनर है। हरियाणा भाजपा के मुख्य प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा, "चूंकि दोनों पार्टियां गठबंधन में सरकार चला रही हैं, इसलिए हम भविष्य की योजना भी उसी तरह बना रहे हैं।" दुष्यंत चौटाला ने कहा कि साल 2024 का लोकसभा और विधानसभा चुनाव उनकी पार्टी भाजपा के सहयोग से लड़ने उतरेगी।

हालांकि, चौटाला ने स्पष्ट किया कि जेजेपा ने 2023 के राजस्थान विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा के साथ गठबंधन पर अंतिम निर्णय नहीं लिया है। हाल ही में, चौटाला ने कहा था कि जेजेपी की भाजपा के साथ गठबंधन में राजस्थान विधानसभा चुनाव लड़ने की योजना है। उनकी पार्टी पड़ोसी राज्य के 18 विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवारों को मैदान में उतारने का इरादा रखती है।

बाद में, जेजेपी के एक अन्य नेता ने कहा था, “अगर भाजपा के साथ कोई गठबंधन नहीं होता है तो हम अकेले चुनाव में उतरेंगे। इस स्थिति का हरियाणा में हमारे गठबंधन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। यहां तक ​​कि भाजपा ने पहले भी पंजाब और हरियाणा में शिरोमणि अकाली दल के साथ चुनावी गठबंधन पर अलग रुख अपनाया है।

गौरतलब है कि दुष्यंत चौटाला और उनके पिता अजय चौटाला ने 2018 में जेजेपी का गठन किया था। इसके बाद दुष्यंत के दादा और पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के नेतृत्व वाले इंडियन नेशनल लोकदल में एक औपचारिक विभाजन हुआ। 2019 के हरियाणा विधानसभा चुनावों में जेजेपी ने 10 सीटें जीतीं और चुनाव के बाद भाजपा के साथ गठबंधन किया और सरकार बनाई।
 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry