नई दिल्ली
मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2023 का मिनी ऑक्शन बहुत अहम होने वाला है, क्योंकि टीम ने 13 खिलाड़ियों को रिलीज किया है। हैरान करने वाली बात ये भी है कि मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल ऑक्शन में सबसे बड़ी परेशानी टीम पर्स की होगी, क्योंकि एक दर्जन से ज्यादा खिलाड़ियों को रिलीज करने के बावजूद टीम के पास ऑक्शन टेबल पर सिर्फ 20 करोड़ और 55 लाख रुपये होंगे।
मुंबई इंडियंस इतनी रकम के साथ किसी हाई बिड में अपनी टांग नहीं अड़ा सकती। अगर मुंबई इंडियंस का खेमा किसी खिलाड़ियों को 8 या 10 करोड़ रुपये में खरीदता है तो फिर टीम के लिए 9 खिलाड़ियों को खरीदना मुश्किल हो जाएगा। मुंबई की टीम को 3 विदेशी खिलाड़ी भी खरीदने हैं, लेकिन आप जान लीजिए कि मुंबई इंडियंस किन खिलाड़ियों पर बोली लगा सकती है और किस तरह के खिलाड़ी उन्हें चाहिए?
ऑलराउंडर की दरकार
पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की सफलता का राज ये था कि उनके पास हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या और किरोन पोलार्ड जैसे ऑलराउंडर थे, लेकिन अब उनके पास इनमें से कोई भी ऑलराउंडर नहीं है। ऐसे में टीम को डेनियल सैम्स, कैमरोन ग्रीन या जेसन होल्डर में से किसी एक को खरीदना होगा, लेकिन टीम के पास पर्स ज्यादा नहीं है तो फिर वे सिर्फ होल्डर को अफॉर्ड कर सकते हैं।
स्पिनर की कमी
मुंबई इंडियंस को सबसे पहले किसी अच्छे इंडियन स्पिनर की तलाश करनी होगी, क्योंकि उनके पास तेज गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और जोफ्रा आर्चर जैसे खिलाड़ी होंगे, लेकिन स्पिनर में कोई भी नहीं है। परेशानी वाली बात ये भी है कि ऑक्शन टेबल पर उतने अच्छे स्पिनर उपलब्ध ही नहीं हैं। अमित मिश्रा, पीयूष चावल, मयंक मार्केंडेय (MI ने ही रिलीज किया है) और मुरुगन अश्विन जैसे खिलाड़ी हैं।
चाहिए भारतीय तेज गेंदबाज
मुंबई इंडियंस को भारतीय तेज गेंदबाजों की जरूरत होगी, लेकिन ऑक्शन टेबल पर आपको बड़े नाम नजर नहीं आएंगे। जयदेव उनादकट, ईशांत शर्मा, शिवम मावी, वैभव अरोड़ा और मुकेश कुमार जैसे भारतीय तेज गेंदबाज पहले और दूसरे स्लॉट में हैं, लेकिन देखना ये होगा कि मुंबई की टीम किस पर बोली लगाएगी। उनादकट को उन्होंने पहले रिलीज किया हुआ है। युवा तेज गेंदबाजों के साथ टीम जा सकती है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

