क्रिसमस से पहले अमेरिका पर कोल्ड अटैक, 2 घंटे में 47 डिग्री लुढ़का पारा, जानें- 5 बड़े शहरों का हाल

दुनिया

 वाशिंगटन 
क्रिसमस से पहले संयुक्त राज्य अमेरिका के कई शहरों में भीषण ठंड पड़ रही है। बर्फबारी और बारिश के बीच भयानक शीतलहरी से वहां हालात बिगड़ गए हैं। दो हजार से ज्यादा हवाई जहाजों को रद्द करना पड़ा है। कई शहरों में हिमपात, बारिश, बर्फीली हवा और तापमान में गिरावट ने जन जीवन को बाधित किया है। आर्कटिक की ओर से आने वाली दक्षिणी और पूर्वी हवाओं ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। शीतकालीन तूफान की वजह से मध्य अमेरिका के कई शहरों के तापमान में अप्रत्याशित गिरावट दर्ज की है। कई शहरों में तापमान माइनस में दर्ज किया गया है। ठंडी और बर्फीली हवाओं का असर ऐसा दिख रहा है कि कुछ शहरों में दो घंटे के अंदर ही तापमान 47 डिग्री फारेनहाइट नीचे चला गया।

डेनवर:
अमेरिका के कोलरैडो राज्य की राजधानी डेनवर में तापमान में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। वहां बुधवार की दोपहर केवल दो घंटे में तापमान में 47 डिग्री फारेनहाइट की गिरावट दर्ज की गई है। CNN के मुताबिक बुधवार की दोपहर 3:58 बजे 46 डिग्री तापमान था जो शाम 5:58 बजे माइनस 1 डिग्री पर पहुंच गया। यानी दो घंटे में 47 डिग्री तक पारा लुढ़क गया।

कैस्पर, व्योमिंग:
कैस्पर में 20 मिनट के अंदर 25 डिग्री तापमान लुढ़क गया। वहां बुधवार की सुबह 3 डिग्री तापमान था जो गुरुवार की रात 1.35 बजे माअनस 42 डिग्री पर पहुंच गया। गुरुवार की सुबह ठंडी हवा की वजह से पारा माइनस 76 डिग्री पर जा लुढ़का।

अमरिलो, टेक्सास:
अमरिलो में छह घंटे में पारा 42 डिग्री तक लुढ़क गया। बुधवार की रात में 11:53 बजे 41 डिग्री तापमान था जो गुरुवार की सुबह 5:53 बजे माइनस 1 डिग्री पर पहुंच गया। आज सुबह वहां माइनस 7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया है।

विचिटा, कंसास:
कंसास के विचिटा में नौ घंटे में 36 डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को 9:53 बजे रात 34 डिग्री तापमान था जो गुरुवार की सुबह 6:53 बजे माइनस 2 डिग्री पर पहुंच गया। हालांकि, बुधवार की रात 11 बजकर 53 मिनट और 12:53 बजे के बीच महज एक घंटे में तापमान 20 डिग्री गिरकर 32 से 12 डिग्री फारेनहाइट हो गया।  इन शहरों में तापमान अभी भी गिर रहा है और गुरुवार की सुबह शून्य से 4 डिग्री के करीब नीचे जाने की उम्मीद है।

ओक्लाहामा शहर:
इस शहर में 14 घंटे में तापमान 34 डिग्री तक लुढ़क चुका है। बुधवार की शाम 4:52 बजे तापमान 42 डिग्री था जो गुरुवार की सुबह 6:52 बजे 8 डिग्री तक लुढ़क गया। इस शहर में गुरुवार की सुबह केवल 2 घंटे में 23 डिग्री की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार की सुबह तापमान माइनस 4 डिग्री के करीब नीचे जाने की उम्मीद है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry