बालोद
महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री व मुख्य अतिथि श्रीमती अनिला भेंडिया ने कहा कि अर्जुन्दा के तहसील बनने से इस अंचल में विकास का नया अध्याय जुड़ा है।कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक एवं संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद ने की।अतिथियों ने विधिवत फीता काटकर इस नवनिर्मित तहसील कार्यालय का लोकार्पण किया।
अर्जुन्दा में नवनिर्मित तहसील कार्यालय का लोकार्पण करते हुए श्रीमती भेंडिया ने कहा किअर्जुन्दा के तहसील बनने का सर्वाधिक फायदा इस अंचल के किसानों को हुआ है। इस क्षेत्र के किसानों को अब अपने राजस्व संबंधी कार्यों के लिए तहसील कार्यालय गुण्डरदेही जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। उन्होने कहा कि नए तहसील की स्थापना के साथ प्रशासनिक विकेन्द्रीकरण होने से निश्चित रूप से इस अंचल के विकास को गति मिलेगी। श्रीमती भेंडिया ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मंशानुरूप आम जनता को सहुलियत प्रदान करने हेतु राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रशासनिक विकेन्द्रीकरण करते हुए प्रशासन को आम जनता के समीप ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। अर्जुन्दा में नये तहसील की स्थापना उनकी इसी सोच को दशार्ती है।इसके लिए उन्होंने अंचल वासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। श्रीमती भेडिया ने कहा कि हमारे ग्रामीण एवं किसान भाईयों को उनके कामकाज के लिए किसी भी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए नए तहसीलों के अलावा आवश्यकतानुसार सहकारी समितियॉ एवं नए धान उपार्जन केन्द्र खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री का सोंच है कि किसानों के विकास से ही छत्तीसगढ़ का विकास होगा और हम ''गढ़बो नवा छत्तीसगढ़'' के परिकल्पना को साकार कर सकेंगे। उन्होने क्षेत्र के विकास के लिए क्षेत्रीय विधायक एवं संसदीय सचिव श्री कुंवर सिंह निषाद के प्रयासों की भी सराहना की।
संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि अर्जुन्दा में तहसील की शुरूआत एवं आज नवनिर्मित तहसील कार्यालय के लोकार्पण होने से अंचल के बहुप्रतिक्षित माँग पूरी हुई। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को तहसील कार्यालय के शुरूआत होने से इस अंचल को मिलने वाले फायदों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कलेक्टर कुलदीप शर्मा को तहसील कार्यालय अर्जुन्दा में उप पंजीयक कार्यालय की स्थापना हेतु शासन को प्रस्ताव भेजने को कहा। इसके अलावा उन्होंने वकीलों के लिए कक्ष निर्माण करने की भी मांग की।
विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने कहा कि अर्जुन्दा में तहसील की स्थापना होने से आम जनता के अनेक समस्याओं का समय पर निराकरण हो सकेगा। इस अवसर पर उन्होंने राज्य सरकार द्वारा आम लोगों के कल्याण हेतु संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में भी जानकारी दी। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोनादेवी देशलहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा अर्जुन्दा वासियों को नए तहसील एवं तहसील कार्यालय का सौगात देकर प्रशासन को उनके द्वार तक ले जाने का प्रयास किया गया है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि अर्जुन्दा में नए तहसील के शुरूआत होने के फलस्वरूप लाभान्वित होने वाले गॉव व ग्राम पंचायतों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अर्जुन्दा में नए तहसील की स्थापना से इस अंचल के लोगों के राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण हो सकेगा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

