नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) की मां हीराबेन मोदी (Heeraben Modi) का निधन हो गया है। शुक्रवार तड़के उन्होंने इस दुनिया को 100 वर्ष की आयु में अलविदा कह दिया। पीएम मोदी की मां हीराबेन, बीते दो दिनों से अहमदाबाद के यूएन मेहता हृदय रोग संस्थान में भर्ती थीं, जिसके बाद आज तड़के करीब साढ़े तीन बजे उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली। हीराबेन के निधन पर देश-विदेश से लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और पीएम मोदी को संबल प्रदान कर रहे हैं। इस बीच बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत (kangana ranaut) ने भी हीराबेन को श्रद्धांजलि दी है।
क्या है कंगना रनौत की इंस्टा स्टोरी
कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनकी दिवंगत मां हीराबेन के साथ नजर आ रहे हैं। तस्वीर दिल को छूने वाली है, जहां मां अपने बेटे को अपने हाथ से कुछ खिला रही है। इस मार्मिक तस्वीर को शेयर करते हुए कंगना रनौत ने कैप्शन में लिखा- 'ईश्वर प्रधानमंत्री जी को इस कठिन समय में धैर्य और शांति दे। ओम शांति।'
पीएम मोदी ने मां का किया याद
बता दें कि पीएम मोदी ने ट्विटर पर मां को याद करते हुए एक पोस्ट किया था। पीएम मोदी ने लिखा था, 'शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम… मां में मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, नष्किाम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है। मैं जब उनसे 100वें जन्मदिन पर मिला तो उन्होंने एक बात कही थी, जो हमेशा याद रहती है कि काम करो बुद्धि से और जीवन जियो शुद्धि से।'
अहमदाबाद के लिए रवाना हुए मोदी
गौरतलब है कि पीएम मोदी, दिल्ली से अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए। बता दें कि आज पीएम मोदी को कोलकाता में कई कार्यक्रमों में भाग लेना था। लेकिन अब कहा जा रहा है कि या तो ये सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए जाएंगे या फिर मोदी इन में वीडियो के माध्यम से शिरकत कर सकते हैं। हालांकि पुख्ता तौर पर इस बारे में कुछ कहना मुश्किल है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

