उत्तर भारत में ठंड से राहत के आसार नहीं, पांच दिनों तक जारी रह सकती है शीत लहर

देश

नई दिल्ली
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब समेत उत्तर भारत के तमाम राज्यों को ठंड से अभी राहत के आसार नहीं हैं। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, अभी पांच दिनों तक शीत लहर जारी रह सकती है। हालांकि, नए साल के पहले दिन में धूप निकलने से ज्यादातर जगहों पर मौसम खुशनुमा रहा, लेकिन आज उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में सुबह से ही घना कोहरा छाया है।

अगले पांच दिनों तक छाया रहेगा घना कोहरा
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा और शीत लहर की स्थिति जारी रहने की संभावना है। उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के कई इलाकों में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक न्यूनतम तापमान रहने की संभावना है।
 
दिल्ली-NCR में छाया घना कोहरा
बता दें कि राजधानी दिल्ली में रविवार को पिछले दिन के मुकाबले न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया। इस वजह से नए वर्ष के पहले दिन सुबह ठिठुरन रही, लेकिन दिन में अच्छी धूप निकलने से अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया। वहीं, दिल्ली-NCR में आज सुबह से ही ठंड है। दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री रह सकता है।
 
तमिलनाडु में बारिश की संभावना
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि तमिलनाडु के तटीय जिलों में 3 से 5 जनवरी के बीच हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में आज और कल मौसम के शुष्क रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने कहा कि पूर्वी हवा की रफ्तार में बदलाव की वजह से 3 जनवरी से 5 जनवरी तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों के तटीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
 
इन राज्यों में कैसा रहेगा मौसम
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में अगले दो से तीन दिनों तक घना कोहरा छाया रहेगा। राजस्थान के उत्तरी भागों में 1 से 3 जनवरी के दौरान गंभीर शीतलहर की स्थिति बनी रहने की उम्मीद है। इसके अलावा 1 से 4 जनवरी के दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग इलाकों में शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी। वहीं हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शीत लहर की स्थिति बनी रहेगी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry