भोपाल
21 सूत्रीय मांगों को लेकर करणी सेना राजधानी के जंबूरी मैदान में प्रदर्शन कर रही है। प्रदर्शन में देश भर से करणी सेना परिवार के हजारों कार्यकर्ता शामिल हैं। करणी सेना ने चेतावनी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गर्इं तो चुनावी मैदान में उतरेंगे। शनिवार-रविवार की दरमियानी देर रात हजारों लोग कड़ाके की ठंड में ही जंबूरी मैदान पहुंच गए।
रविवार सुबह से शहर के अधिकांश चौराहों पर महाआंदोलन में शामिल होने वालों की भीड़ देखने को मिली। ऐसे में एक ओर जहां शासन-प्रशासन ने भीड़ को कंट्रोल करने के लिए शहर के ट्रैफिक को व्यवस्थित रखने के लिए कई रूट बदले हैं। वहीं, दूसरी तरफ जंबूरी मैदान के आसपास 800 से अधिक पुलिस बल को तैनात किया गया है।
राजस्थान, महाराष्ट्र, यूपी, छत्तीसगढ़ से भी राजपूत समाज और करणी सेना के लोग भी यहां आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात करणी सेना परिवार के प्रदेश अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर साथियों के साथ जंबूरी मैदान पर पहुंचे। यहां राजस्थान से आए महिपाल सिंह मकराणा, जयपुर यूनिवर्सिटी के छात्र संघ अध्यक्ष रविन्द्र सिंह भाटी भी पहुंचे। इनका दावा है कि राजधानी में आज10 लाख से ज्यादा राजपूत मैदान पर एकत्रित हो रहे हैं।
महाआंदोलन में उत्तरप्रदेश के प्रतापगढ़ जिले की कुंडा से विधायक और पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह 'राजा भैया' बतौर मुख्य अतिथि शामिल हो रहे हैं। सूत्रों के अनुसार हफ्ते भर पहले राजपूत समाज के कुछ संगठनों ने सीएम हाउस में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की और राजपूत समाज की मांगों का ज्ञापन दिया था। इससे पूरे देश के करणी सेना के लोग नाराज हैं। इस कारण आज शहर में ज्यादा से ज्यादा लोग एकत्रित हो रहे हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

