अगले लोकसभा चुनाव से पहले देश को नक्सलवाद से मुक्ति हमारा लक्ष्य : अमित शाह

छत्तीसगढ़ रायपुर

कोरबा
 केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कोरबा से छत्तीसगढ़ में भाजपा के चुनाव अभियान की शुरुआत की। शाह का भाषण जनजातीय समाज व अन्य पिछड़ा वर्ग को साधने पर केंद्रित रहा। 28 मिनट के भाषण में शाह ने प्रदेश सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से कांगे्रस ने यहां शासन किया। उसने विकास नहीं किया। बल्कि प्रदेश को गरीबी, भूखमरी, अंधेरा और नक्सलवाद दिया। कोरबा के ट्रांसपोर्टनगर इंदिरा स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई जारी है। कांगे्रस के शासनकाल में देशभर में वर्ष 2009 में नक्सलवाद की 2258 घटनाएं हुई थी। घटते-घटते यह संख्या वर्ष 2021 में 509 तक आ गई है। गृहमंत्री ने कहा कि वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले हमारा प्रयास है कि समग्र देश नक्सलवाद की चपेट से मुक्त हो जाए, जो युवा हथियार उठाते थे, उन्हें रोजगार देकर समाज की मुख्यधारा में लाया गया। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्कूल, सड़क, बिजली, पानी आदि की सुविधाएं प्रदान कर विकास कार्य कराए गए। दूसरी ओर जिनके हाथ में हथियार थे, उनका सख्ती से मुकाबला किया गया। उन्हें समाप्त करने का कार्य भाजपा की सरकार ने किया है।

विकास के लिए डबल इंजन की सरकार जरूरी
उन्होंने कहा कि देश में विकास की गाड़ी को अकेला केंद्र सरकार नहीं चला सकती। विकास को गति देनी है तो दो-दो इंजन की सरकार लगानी पड़ेगी। देश की जनता ने केन्द्र की सरकार में एक इंजन मोदी का लगा दिया है। विकास के लिए जरूरी है कि दूसरा इंजन छत्तीसगढ़ में लगानी पड़े। केन्द्रीय गृहमंत्री ने कहा कि रमन सरकार ने छत्तीसगढ़ के विकास के लिए 11 बिन्दु तय किए थे। प्रदेश में जब से कांग्रेस की सरकार बनी है, उसने विकास को रोक दिया है। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, छत्तीसगढ़ में भाजपा के संगठन प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नवीन, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, केन्द्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

सरकार बदलने के लिए लोगों को दिलाया संकल्प
जनसभा को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृहमंत्री ने कहा कि मैं यहां आया हूं। वर्ष 2023 और 2024 की चुनाव के लिए। वर्ष 2024 में लोकसभा का चुनाव है। प्रधानमंत्री मोदी ने देश का नाम दुनियाभर में बढ़ाया है। नरेंद्र मोदी दोबारा प्रधानमंत्री बने इसके लिए जरूरी है कि 2023 में फिर से छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बने। उन्होंने लोगों से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बदलने के लिए संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि कांगे्रस की सरकार ने जो लूट-खसोट की है। भाजपा की सरकार बनी तो पाई-पाई का हिसाब कांग्रेस सरकार से लेंगे।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry