सही समय पर सही निर्णय लेकर करियर बनाएं विद्यार्थी – हर्षिका सिंह

मध्य प्रदेश राज्य

जिला स्तरीय करियर मार्गदर्शन कार्यशाला आयोजित
भोपाल
#राष्ट्रीय_युवा_दिवस के अवसर पर स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय के परिसर में जिला स्तरीय करियर मार्गदर्शन कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में कलेक्टर हर्षिका सिंह, डीएफओ (ईस्ट) पुनीत गोयल, प्रोबेशनर आईएफएस सहित अलग-अलग क्षेत्रों के विषय-विशेषज्ञ उपस्थित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर हर्षिका सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वामी विवेकानंद जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण के साथ किया। कार्यशाला में इंजीनियरिंग, पत्रकारिता, वनसेवा, राज्य सिविल सेवा, मेडीकल, शिक्षा, उच्च शिक्षा, कानून, तकनीकि शिक्षा, कॉमर्स, कृषि, पुलिस, स्वरोजगार, खेल सहित विभिन्न विषयों के विषय विशेषज्ञ उपस्थित हुए।

राँची से लंदन तक के सफर की प्रेरक कहानी

 कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिला स्तरीय करियर मार्गदर्शन कार्यशाला में विद्यार्थियों को संबोधित किया एवं अपने जीवन के उतार-चढ़ावों की विस्तृत चर्चा करते हुए सफल होने तक की यात्रा को बताया। श्रीमती सिंह ने सभी विद्यार्थियों से कहा कि इस कार्यशाला में मिल रहे मार्गदर्शन को गंभीरता से सुनें एवं अपनी रूचि के अनुसार आगे बढ़ते हुए करियर बनाएं। उन्होंने झारखंड राज्य के छोटे से शहर रांची से लंदन के विश्व प्रसिद्ध अर्थशास्त्र के संस्थान लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स तक की पढ़ाई एवं चुनौतियों के बारे में बताया। कलेक्टर ने कहा कि सभी विद्यार्थी अपने सपने को प्रत्येक दिवस याद करें, सपने के बारे में हर दिन सोचें और आगामी सालों में स्वयं के लिए लक्ष्य निर्धारित करें। उन्होंने विदेश में करियर की अच्छी संभावनाओं को छोड़कर जनसेवा एवं बचपन के सपने को साकार करने के लिए वापस भारत आने तथा संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता के दौर पर भी विस्तार से बताया।

सेलेरी से ज्यादा संतुष्टी जरूरी

 कलेक्टर ने कार्यशाला में बताया कि मुझे लंदन की पढ़ाई पूर्ण करने के बाद विदेश में करियर के सुनहरे अवसर प्राप्त हो सकते थे, किन्तु मैं छटवी क्लास में आईएएस ऑफीसर बनने के सपने को पूरा करने के लिए भारत आई एवं संघ लोक सेवा आयोग की तैयारी करते हुए प्रथम प्रयास में सफलता प्राप्त की। जिला दंडाधिकारी का पद अनेक चुनौतियों का पद है, किन्तु अपने सपनों के साथ रहते हुए अलग संतोष मिलता है। मुझे प्राईवेट सेक्टर की सेलेरी से ज्यादा अपने सपने एवं काम में ज्यादा संतुष्टि प्राप्त होती है। अब मंडला मेरा परिवार है और जिलेवासी इसके सदस्य, जिनकी पानी, राशन, बिजली सहित सभी जरूरतों का ध्यान रखना मेरी ड्यूटी है।

बच्चे अपने निरक्षर अभिभावकों को जरूर पढ़ाएँ

 श्रीमती सिंह ने करियर मार्गदर्शन कार्यशाला में बच्चों से आत्मीय चर्चा करते हुए कहा कि सभी दृढ़संकल्प लें और जिस क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं उसे प्राप्त करें। उन्होंने निरक्षरता से आजादी अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा निरक्षर व्यक्तियों को अक्षरज्ञान देने वाले कार्यक्रम की जानकारी दी और कहा कि ऐसे बच्चे जिनके माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी या आस-पड़ोस के परिचित यदि निरक्षर हों तो उन्हें अक्षरज्ञान, गिनती जरूर सिखाएं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि करियर में सही समय पर सही निर्णय महत्वपूर्ण होता है। सोच अच्छी रखें, विचारों का जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है।

लक्ष्य बनाओ और उसकी तैयारी में जुट जाओ – डीएफओ

 जिला स्तरीय करियर मार्गदर्शन कार्यशाला में अखिल भारतीय सेवा के अंतर्गत भारतीय वन सेवा से चयनित अधिकारी पुनीत गोयल भी पहुँचे। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए सबसे पहले लक्ष्य बनाएं और उसको पाने के लिए पूरी तैयारी से जुट जाएं। उन्होने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों में करियर की बहुत सारी संभावनाएं हैं। प्रत्येक विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुसार अपने क्षेत्र का चयन करें एवं आगे बढ़े। श्री गोयल ने कहा कि यदि किसी कारणवश लक्ष्य प्राप्त नहीं भी होता है तो कोई भी विद्यार्थी मायूस न हो, जीवन अनंत संभावनाओं से भरपूर है, सकारात्मक रहें, प्रयास करते रहें एवं आगे बढ़ें।

करियर मार्गदर्शन कक्ष का हुआ शुभारंभ

राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर कलेक्टर हर्षिका सिंह एवं आईएफएस पुनीत गोयल ने शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय स्कूल में करियर मार्गदर्शन कक्ष का फ़ीता काटकर शुभारंभ किया। इस कक्ष में प्रतियोगी परीक्षाओं एवं अलग-अलग विषयों से संबंधित सामग्री उपलब्ध कराई गई है। साथ ही विद्यार्थियों को अन्य क्षेत्रों में करियर बनाने के संबंध में जानकारी प्रदान करने की व्यवस्था भी बनाई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ज़िले के सभी विद्यालयों में भी करियर कक्ष बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
 
ज़िले भर के स्कूलों से जुड़े विद्यार्थी, पूछे सवाल

जिला स्तरीय करियर मार्गदर्शन कार्यशाला में मंडला के सभी विद्यालयों के साथ-साथ ज़िले के सभी विद्यालयों से भी विद्यार्थी वर्चुअल रूप से जुड़े। उन्होंने कलेक्टर हर्षिका सिंह सहित विषय विशेषज्ञों से अपनी जिज्ञासाओं के सवाल पूछे। कलेक्टर एवं उपस्थित विषय विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिए। कार्यशाला में मंच संचालन जिलास्तरीय करियर काउंसलर अखिलेश उपाध्याय ने किया तथा आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका स्कूल शिक्षा विभाग से एपीसी मुकेश पांडे ने निभाई। कलेक्टर हर्षिका सिंह एवं अतिथियों ने सभी विषय विशेषज्ञों का मंच से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry