लखनऊ
मिशन 2024 को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर लग गए हैं। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने पूर्वांचल के बाद मध्य यूपी में आम चुनाव के मद्देनजर संगठन को विस्तार देना शुरू कर दिया है। इस क्षेत्र में चुनाव तैयारियों व संगठन को धार देने की जिम्मेदारी पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर को सौंपी गई है। मंगलवार को बैठक कर अरविंद राजभर ने संगठन को विस्तार देने पर चर्चा करने के साथ ही सदस्यता अभियान तेज करने के निर्देश पार्टी पदाधिकारियों को दिए।
दारूलसफा ए-ब्लाक के कामन हाल में पार्टी के मध्य उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों की यह बैठक हुई। अरविंद राजभर ने कहा कि पार्टी इस क्षेत्र की हर सीट पर प्रत्याशी उतारेगी। इसके लिए संगठन को विस्तार देने के साथ ही सदस्यता अभियान पर पार्टी ने ध्यान केंद्रित किया है। गांव मुहल्लों में आम लोगों को पार्टी की नीतियों खासकर शराबबंदी, मुफ्त शिक्षा, मुफ्त इलाज, सामाजिक न्याय समिति को लागू कराने जैसे मुद्दे से अवगत कराते हुए पार्टी से जोड़ा जाए। इस बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष (मध्यांचल) अमरमणि कश्यप, प्रदेश प्रमुख महासचिव (मध्यांचल) सचिन कुमार सिंह, प्रदेश प्रभारी (मध्यांचल) सुभाष यादव, योगेंद्र सिंह अर्कवंशी, अभिनंदन सिंह, सुनील अर्कवंशी, अनुरोध श्रीवास्तव, रमन पांडेय, नितिन उपाध्याय, सुजीत कश्यप, राजेंद्र जायसवाल आदि उपस्थित थे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

