क्रिस हिपकिंस : 2008 में पहली बार पहुंचे संसद, कोविड में निभाई बड़ी जिम्मेदारी; 44 की उम्र में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री

दुनिया

 नई दिल्ली 

लेबर पार्टी के नेता क्रिस हिपकिंस न्यूजीलैंड के अगले प्रधानमंत्री होंगे। वह मौजूदा प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न की जगह लेंगे, जिन्होंने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया था। हिपकिंस लेबर पार्टी की तरफ से इस पद के लिए नामित किए गए अकेले उम्मीदवार थे। इस तरह वह संसद में लेबर पार्टी के नेता बन गए हैं। हालांकि, हिपकिंस कितने समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहेंगे, यह अनिश्चित है क्योंकि न्यूजीलैंड में अक्टूबर में आम चुनाव होने वाले हैं।

हिपकिंस पहली बार 2008 में संसद के लिए चुने गए थे। नवंबर 2020 में उन्हें कोविड-19 की रोकथाम और मैनेजमेंट के लिए स्वास्थ्य विभाग का मंत्री नियुक्त किया गया था। 44 वर्षीय क्रिस हिपकिंस वर्तमान में पुलिस, शिक्षा और सार्वजनिक सेवा मंत्री हैं। वह 2008 से लगातार पांचवीं बार रेमुटका से सांसद चुने जाते रहे हैं।

संसद में लेबर पार्टी का नेता बनने और पीएम पद संभालने से पहले उन्हें रविवार को प्रतिनिधि सभा में लेबर पार्टी द्वारा औपचारिक रूप से चुना जाएगा।  मौजूदा पीएम अर्डर्न औपचारिक रूप से 7 फरवरी को गवर्नर-जनरल को अपना इस्तीफा सौंपेंगी। उसके बाद किंग चार्ल्स III की तरफ से  हिपकिंस को देश के 41वें प्रधान मंत्री के रूप में नियुक्त किया जाएगा।

हिपकिंस का जन्म 1978 में हट वैली में हुआ था। उनकी मां रोजमेरी हिपकिंस न्यूजीलैंड काउंसिल फॉर एजुकेशनल रिसर्च में चीफ रिसर्चर थीं। उनकी पढ़ाई हट वैली में ही हुई। बाद में हिपकिंस ने वेलिंगटन के विक्टोरिया यूनिवर्सिटी से राजनीति विज्ञान और अपराध विज्ञान में ग्रैज्यूएशन किया। वह इसी यूनिवर्सिटी में 2000 से 2001 के बीच स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष भी थे। हिपकिंस संसद में सांसद ट्रेवर मल्लार्ड और हेलेन क्लार्क के सलाहकार के रूप में भी काम कर चुके हैं।
 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry