रविंद्र जडेजा ने क्रिकेट के मैदान पर वापसी की, 6 महीने बाद बतौर कप्तान क्रिकेट स्टेडियम में मारी एंट्री

खेल

 नई दिल्ली

चोट से उबर कर करीब छह महीने बाद रणजी ट्रॉफी के जरिए क्रिकेट के मैदान पर वापसी कर रहे भारत के हरफनमौला खिलाड़ी रविंद्र जडेजा मंगलवार को तमिलनाडु के खिलाफ एलीट ग्रुप-बी मुकाबले में कोई विकेट नहीं ले सके। एमए चिदंबरम स्टेडियम पर चार दिवसीय मैच के पहले दिन तमिलनाडु ने सौराष्ट्र के खिलाफ पहली पारी में चार विकेट खोकर 183 रन बना लिए। सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन और बाबा अपराजित 45-45 रन बनाकर आउट हो गये, जबकि बाबा इंद्रजीत 45 रन के स्कोर पर नाबाद हैं। 

राष्ट्रीय चयनकर्ता श्रीधरन शरद की मौजूदगी में बाएं हाथ के स्पिनर जडेजा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले अपनी फिटनेस का सबूत पेश किया। रविंद्र जडेजा ने पहले दिन 17 ओवर गेंदबाजी की और दो मेडन ओवर के साथ 36 रन खर्च किए, हालांकि वह कोई सफलता हासिल नहीं कर सके। सौराष्ट्र के लिए चिरागा जानी ने दो विकेट लिए, जबकि युवराजसिंह डोडिया और धर्मेंद्रसिंह जडेजा ने एक-एक विकेट लिया। तेजतर्रार क्षेत्ररक्षक जडेजा पिछले साल अगस्त में एशिया कप के दौरान चोटिल होने के बाद से बेंगलुरु की राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में रिहैब से गुजर रहे थे। 

भारत को नौ फरवरी से शुरू होने वाली चार मैचों की टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया का सामना करना है, जहां जडेजा की उपस्थिति भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण होगी। एनसीए ने जडेजा को मैदान पर उतरने के लिए फिट घोषित कर दिया था, हालांकि बीसीसीआई ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय पटल पर लाने से पूर्व रणजी ट्रॉफी में उनकी फिटनेस का आंकलन करना बेहतर समझा। 
 

खेल के मैदान पर वापसी से उत्साहित जडेजा ने मैच से पूर्व कहा था कि उन्हें मैदान पर लौटना अच्छा लग रहा है। उन्होंने अपनी वापसी से टीम को फायदा होने की उम्मीद जताई थी, हालांकि उनकी प्राथमिकता अपना शत प्रतिशत देने के साथ-साथ मैदान पर फिट बने रहना होगा। चेन्नई में जडेजा का प्रदर्शन उनकी भारतीय टीम में वापसी के दावे को पुख्ता करने में मदद करेगा। जडेजा ने अब तक अपने टेस्ट करियर में 60 मैच खेलकर 36.57 की औसत से 2523 रन बनाये हैं, जबकि गेंदबाज के तौर पर उन्होंने 24.71 की औसत से 242 विकेट लिये हैं। 
 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry