इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की मृत्यु शहादत नहीं हादसा…पूर्व प्रधानमंत्रियों पर बीजेपी कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के बिगड़े बोल

देश

 नई दिल्ली 
कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने विवादित बयान दे डाला। उन्होंने कहा कि शहादत पर गांधी परिवार का एकाधिकार नहीं है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्याएं ‘दुर्घटना’ थीं, न कि शहादत। भाजपा के कैबिनेट मंत्री जोशी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी सियासी हमला बोला। कृषि मंत्री जोशी ने कहा कि राहुल गांधी, अक्सर कहते हैं कि गांधी परिवार ने देश के लिए कई शहादत दी हैं। जबकि हकीकत यह है कि गांधी परिवार के सदस्यों के साथ जो हुआ, वह दुर्घटना थी। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या उनके अंगरक्षक ने की थी जबकि राजीव गांधी की मृत्यु, लिट्टे आतंकियों के हमले में हुई थी। 

जोशी ने आगे कहा कि शहादत वो होती है जिसमें कोई व्यक्ति देश की खातिर हंसते-हंसते फांसी के फंदे पर झूल जाता है। या देश की रक्षा के लिए दुश्मन से मुकाबला करते हुए सीने पर गोली खाता है। चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, दुर्गामल समेत हजारों-लाखों लोग हैं जिन्होंने देश के लिए हंसते-हंसते मौत को गले लगा लिया था।

वो जानते थे कि उनका अंजाम मृत्यु है, लेकिन इसके बावजूद वो देश की आजादी के लिए लड़ते रहे। सही मायने में शहादत ये है, न कि किसी दुर्घटना में होने वाली मृत्यु। श्रीनगर में भारत जोड़ो यात्रा के समापन पर राहुल गांधी के शहादत के बयान पर तंज कसते हुए जोशी ने कहा कि हर व्यक्ति अपनी बुद्धि और जानकारी के अनुसार ही बात करता है।

जोशी ने जम्मू-कश्मीर में राहुल गांधी की यात्रा के लिए भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को श्रेय दिया। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 को समाप्त किया गया, इसी वजह से जम्मू-कश्मीर में स्थिति सामान्य हुई है। इसी के चलते राहुल गांधी लाल चौक पर राष्ट्रीय ध्वज फहरा पाए।

कांग्रेस टिप्पणी से भड़की आज प्रदेशभर में आंदोलन
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी द्वारा पूर्व पीएम इंदिरा-राजीव गांधी और राहुल गांधी पर टिप्पणी से कांग्रेस भड़क गई है। जोशी की टिप्पणी के खिलाफ कांग्रेस ने बुधवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन का ऐलान किया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि मर्यादित पद पर बैठे नेता से इस तरह के बयान की उम्मीद नहीं की जा सकती है। ऐसे बयान देने से पहले भाजपा के लोगों को आत्मावलोकन करने की आवश्यकता है।  
 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry