गंगटोक
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने एक पहल शुरू की है जिसके तहत हिमालयी राज्य में पैदा होने वाले प्रत्येक बच्चे के लिए 100 पेड़ लगाए जाएंगे। अधिकारियों ने कहा कि 'मेरो रुख मेरो संतति' (एक पेड़ लगाओ, एक विरासत छोड़ो) नाम की पहल का उद्देश्य बच्चे के जन्म की याद में पेड़ लगाकर माता-पिता, बच्चों और प्रकृति के बीच संबंध को मजबूत करना है।
एक बच्चा पैदा होने पर लगाए जाएंगे 100 पेड़
सीएम तमांग ने कहा, 'बच्चे के बढ़ने के साथ-साथ पेड़ों को बढ़ते देखना एक नवजात शिशु का स्वागत करने और इस धरती पर उनके आगमन का जश्न मनाने का एक प्रतीकात्मक तरीका होगा। यह भारत में अपनी तरह की पहली अभिनव हरित पहल है।' मुख्यमंत्री ने गुरुवार को कार्यक्रम में कुछ नए अभिभावकों को पौधे भी वितरित किए। वन विभाग के सचिव प्रदीप कुमार ने कहा कि इस पहल से प्रकृति के प्रति लोगों का नजरिया बदलेगा और बच्चे के जन्म के उपलक्ष्य में लगाए गए पौधे पीढ़ियों के बीच एक सेतु का निर्माण करेंगे। तमांग ने कहा कि सिक्किम के समाज का प्राचीन काल से प्रकृति के साथ घनिष्ठ संबंध रहा है। उन्होंने कहा 'हम न केवल अपने पहाड़ों, झीलों, नदियों, गुफाओं और झरनों का सम्मान करते हैं, बल्कि पूरे परिदृश्य को पवित्र मानते हैं।'
राज्य की जनसंख्या 6 लाख के करीब
सिक्किम के मुख्य सचिव वीबी पाठक ने कहा कि पहल की सफलता के लिए राज्य सरकार के विभिन्न विभागों को नए माता-पिता को निर्बाध सेवा प्रदान करने के लिए एकजुट होने की आवश्यकता होगी। उन्होंने कहा कि आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, पंचायतों, नागरिक निकायों और वन कर्मचारियों को माता-पिता के ऑनबोर्डिंग की सुविधा प्रदान करने की आवश्यकता होगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

