मुंबई
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज और सचिन तेंदुलकर के दोस्त कहे जाने वाले विनोद कांबली के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मुंबई पुलिस ने उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। उनकी पत्नी एंड्रिया (Andrea) ने पति कांबली के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। एंड्रिया का कहना है कि विनोद कांबली ने उनके साथ बदमीजी की है।
मुंबई पुलिस का कहना है, "पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली के खिलाफ मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में उनकी पत्नी एंड्रिया की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। उनकी शिकायत में कहा गया है कि कांबली ने उनके साथ मौखिक रूप से दुर्व्यवहार किया और शराब के नशे में उनकी पिटाई की। अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।"
बता दें कि एंड्रिया हेविट एक फैशन मॉडल हैं। उनका दावा है कि विनोद कांबली ने शराब के नशे में उनके साथ मारपीट की और बदतमीजी भी की। बांद्रा पुलिस के मुताबिक, कांबली के खिलाफ आईपीसी की धारा 504 (अपमान) और 324 (जानबूझकर खतरनाक हथियारों से नुकसान पहुंचाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन पर अपनी पत्नी एंड्रिया के ऊपर खाना पकाने के बर्तन का हत्था मारने का आरोप है, जिससे उनके सिर में चोट लग गई थी।
हालांकि, टीओआई की रिपोर्ट की मानें तो विनोद कांबली और एंड्रिया हेविट के बीच सब कुछ ठीक होने की स्थिति में है। दोनों के बीच रात के एक से डेढ़ के बीच ये विवाद हुआ था। एंड्रिया का कहना है, "मामला अब सुलझाया जा रहा है।" बता दें कि विनोद कांबली ने सचिन के साथ काफी क्रिकेट खेला है और वे भारत के लिए 104 वनडे और 17 टेस्ट मैच खेल चुके हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

