बिहार
बिहार के कई जिलों में मौसम एक बार फिर बदल गया है। प्रदेश के उत्तरी भागों के कुछ स्थानों पर बादल की सघनता से दिन के तापमान में कमी आई है। पटना समेत 8 जिलों में न्यूनतम तापमान गिरा है। अब अधिकतम तापमान भी नीचे आ सकता है। सोमवार को चार जिलों, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज और सीवान जिले में कोल्ड डे की आशंका है। रविवार को भी मोतिहारी में शीत दिवस की स्थिति बनी रही।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव पश्चिमी हिमालय तक बना हुआ है। इनके प्रभाव से प्रदेश के उत्तरी भागों में बादल छाए रहने के साथ सर्द हवा के कारण अत्यधिक ठंड का प्रभाव बना रहेगा। रविवार को उत्तर बिहार के तापमान में भारी गिरावट से शीत दिवस की स्थिति बनी रही। राजधानी समेत मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, सुपौल, पूर्णिया, भागलपुर में मध्यम दर्जे के कोहरे का प्रभाव रहा।
पछुआ हवा के प्रवाह से 7.8 डिग्री सेल्सियस सबसे कम न्यूनतम तापमान भागलपुर के बांका में दर्ज किया गया। वहीं पटना के न्यूनतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। औरंगाबाद के न्यूनतम तापमान में 1.7 डिग्री, रोहतास में 2.4 डिग्री, जमुई में 0.9 डिग्री, बांका में 1.6 डिग्री, शेखपुरा में एक डिग्री, पूर्वी चंपारण में 1.4 डिग्री, वाल्मीकिनगर में 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

