एक और अफसर पर गाली देने का आरोप, बाहुबली अनंत सिंह को गिरफ्तार करने वाले IG विकास वैभव रोज खा रहे गाली!

राज्य

पटना 
आइएएस अफसर केके पाठक का अफसरों को गाली देने का विवाद अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब महिला आइपीएस अधिकारी एवं डीजी शोभा ओहटकर पर गाली देने का आरोप लगा है। आरोप लगाने वाले आइपीएस अफसर एवं आइजी विकास वैभव हैं। पटना के पूर्व एसएसपी और वर्तमान में अग्निशमन व होमगार्ड सर्विस में आइजी विकास वैभव ने ट्वीट करते हुए अग्निशमन व होमगार्ड सर्विस की डीजी शोभा ओहटकर पर बिना वजह प्रतिदिन गाली देने का आरोप लगाया। हालांकि थोड़ी देर बाद ही उन्होंने ट्वीट डिलीट कर दिया, मगर तब तक यह इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया।

कुछ भी बोलने से बच रहीं ओहटकर
इस बाबत आइजी विकास वैभव ने बस इतना ही कहा कि वह बहुत परेशान हैं। फिलहाल वह पहले से स्वीकृत दो दिनों की छुट्टी पर हैं और उन्होंने आगे दो माह की छुट्टी के लिए आवेदन किया है। सूत्रों के अनुसार, उनका छुट्टी का आवेदन खारिज कर दिया गया है। वहीं, डीजी शोभा ओहटकर इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रही हैं। शोभा ओहटकर अपनी कड़क छवि के लिए जानी जाती हैं। वह बिहार की पहली महिला डीजी भी हैं।
 
पहले किया पोस्ट, फिर डिलीट
आइजी विकास वैभव ने देर रात 1:43 बजे ट्वीट किया, जिसमें उनके साथ गाली-गलौज होने की बात लिखी गई थी। उन्होंने लिखा कि, "मुझे आइजी होमगार्ड एवं फायर सर्विसेज का दायित्व 18 अक्टूबर 2022 को दिया गया था और तब से ही सभी नव दायित्वों के निर्वहन हेतु हरसंभव प्रयास कर रहा हूं। प्रतिदिन तब से अनावश्यक ही डीजी मैडम के मुख से गालियां ही सुन रहा हूं। (रिकार्ड भी) ! परंतु यात्री मन आज वास्तव में द्रवित है।"
 

यात्री मन व्याकुल है…बंधनों से मुक्त होना चाहता है
आइजी विकास वैभव ने फेसबुक और ट्विटर पर एक और पोस्ट किया। उन्होंने इसमें लिखा- यात्री मन व्याकुल है। बंधनों से मुक्त होना चाहता हूं। परिस्थतियां अवरोध उत्पन्न करती प्रतीत भले हो रहीं हों, परंतु यात्री मन यह भी जानता है कि यात्री मन को कोई बांध नहीं सकता है। जो निर्धारित है, वह स्वयं अपना मार्ग प्रशस्त करेगा। शेष सब माया ही है, परंतु कर्म महत्वपूर्ण है।
 
अनंत सिंह को किया गिरफ्तार, अभी चला रहे लेट्स इंस्पायर बिहार
विकास वैभव की गिनती तेज तर्रार आइपीएस अफसरों में होती है। वह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) और आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्ष 2015 में पटना के एसएसपी रहते हुए विकास वैभव ने बाहुबली विधायक अनंत सिंह को गिरफ्तार किया था। वह गृह विभाग के विशेष सचिव के पद पर भी थे। इस दौरान वह लेट्स इंस्पायर बिहार नाम से एक मुहिम को लेकर चर्चा में रहे। बेगूसराय समेत कई जिलों में उनकी सक्रियता भी बढ़ी, जिसके बाद उनका तबादला आइजी फायर सर्विस एवं होमगार्ड में कर दिया गया।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry