वाशिंगटन
संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज को संयुक्त राष्ट्र के सामाजिक विकास आयोग के 62वें सत्र का अध्यक्ष चुना गया है। कंबोज को इस सप्ताह न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में संयुक्त राष्ट्र सामाजिक विकास आयोग के 62वें सत्र की पहली बैठक में अध्यक्ष चुना गया।
इसके साथ ही नॉर्थ मैसेडोनिया से जॉन इवानोवस्की, डोमिनिक गणराज्य से कार्ला मारिया कार्लसन और लक्समबर्ग से थॉमस लैमर को 62वें सत्र का उपाध्यक्ष चुना गया। इससे पहले, सामाजिक विकास आयोग ने अपने 61वें सत्र के अंतिम दिन संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक परिषद को चार मसौदा प्रस्ताव मंजूरी के लिए भेजे थे।
जिन मसौदा प्रस्तावों को सर्वसम्मति से अपनाया जाना है उनमें असमानताओं को दूर करने के लिए पूर्ण रोजगार सृजित करना और कोविड-19 महामारी के बाद सामान्य स्थिति बहाली पर जोर देना शामिल है। आयोग के 62वें सत्र की पिछली बैठक के दौरान ‘‘भविष्य के संगठन और सामाजिक विकास के लिए आयोग के कार्य करने के तरीके’’ को मंजूरी दी गई थी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

