CM बघेल ने सुकमा में तीन जवानों के बलिदान पर जताया दुख, कहा- व्यर्थ नहीं जाएगा बलिदान

छत्तीसगढ़ रायपुर

रायपुर

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सुकमा के जगरगुंडा में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन जवानों के बलिदान पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सीएम बघेल ने शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। सुकमा एसपी सुनील शर्मा ने बलिदान जवानों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मुठभेड़ में एएसआई रामु राम नाग, सहायक आरक्षक कुंजाम जोगा, सैनिक वैंजम भीमा बलिदान हुए हैं।

बता दें कि छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र के कुंदेड़ कैम्प के पास शनिवार को सुरक्षा बल और नक्सलियों के बीच हुए मुठभेड़ में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के तीन जवान बलिदान हो गए हैं। हमले में डीआरजी जवान एएसआइ रामूराम नाग, असिस्टेंट कांस्टेबल कुंजाम जोगा व सैनिक वंजाम भीमा नक्सलियों से लड़ते हुए बलिदान हो गए। इसके साथ ही और दो जवान घायल हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार जगरगुंडा क्षेत्र के नए स्थापित कुंदेड़ कैम्प से एरिया डोमिनेशन पर पार्टी निकली थी। कैम्प से दो किमी दूर आश्रमपारा के पास सुबह आठ बजे नक्सलियों ने घात लगाकर हमला कर दिया। जगरगुंडा के ग्रामीणों ने बताया सुबह करीब आठ बजे गोलीबारी और बम धमाकों की आवाज गांव तक सुनाई दे रही थी।

सुकमा एसपी सुनील शर्मा ने बताया कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे मुठभेड़ थम गई है। बैकअप पार्टी को घटनास्थल की ओर भेजा गया है। क्षेत्र की सर्चिंग की जा रही है। घटनास्थल से सूचना ली जा रही है। पार्टी के लौटने की बाद ही वस्तुस्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यहां बता दे कि एरिया डोमिनेशन पार्टी में 25 से 30 जवान की टुकड़ी होती है, जिनका काम मुख्यत: रोड ओपनिंग व कैम्प के आसपास सर्चिंग का होता है। कुंदेड़ का यह कैम्प हाल ही में स्थापित किया गया है। जगरगुंडा नक्सलियों का आधार क्षेत्र है, जिसे नक्सलियों की उपराजधानी के नाम से भी जाना जाता है। इस क्षेत्र में कई नक्सली कई बड़ी घटनाएं कर चुके हैं।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry