गोरखपुर
गोरखपुर में एक शख्स की दूसरी पत्नी ने अपने पति और दो सौतेलों बेटों को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी पत्नी को चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि शनिवार की रात में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी के बाद महिला ने पति और दोनों सौतेले बेटों की गला रेतकर हत्या कर दी।
गोरखपुर के सहजनवां के रहने वाले अवधेश गुप्ता (40 वर्षीय) ने पहली पत्नी के निधन के बाद दूसरी शादी की थी। पहली शादी से उनके दो बच्चे थे। वहीं महिला की भी अवधेश से दूसरी शादी थी। पहली पत्नी से उनके दो बेटे आर्यन और पीहू उर्फ आरो थे। करीब आठ महीने पहले संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र के मझगांवा निवासी नीलम से उनकी दूसरी शादी हुई थी। आरोपित नीलम की भी यह दूसरी शादी थी। पहली शादी से उसे एक बेटी है। शादी होने के बाद नीलम अपनी बेटी के साथ अवधेश के घर आ गई और पति और सौतेले बेटों के साथ रहने लगी।
हत्या के बाद खुद किया पुलिस को फोन
शनिवार की रात महिला ने खुद डायल 112 नंबर पर पुलिस को बताया कि कुछ लोग घर पर उसके पति और बेटों के साथ मारपीट कर रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब महिला के बताए कमरे को खोला तो अवधेश और उसके दोनों बेटे आर्यन और आरो खून से लथपथ बिस्तर पर पड़े हुए तड़प रहे थे। पुलिस इलाज के लिए तीनों को तत्काल जिला अस्पताल लेकर गई, जहां अवधेश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया। वहीं घायल बच्चों ने मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एसपी नार्थ मनोज कुमार अवस्थी ने बताया कि अवधेश की मां की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में इस्तेमाल चाकू भी उसके पास से बरामद कर लिया गया है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

