पटना
रामचरितमानस की चौपाइयों पर सवाल उठाने वाले बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर पर हिंदू धर्म गुरु रामभद्राचार्य ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखऱ को कुछ आता-जाता नहीं है। रामचरितमानस में एक भी अक्षर गलत नहीं है। इस मुद्दे पर भयंकर राजनीति की जा रही है। बता दें कि शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने हाल ही में रामचरितमानस में कूड़ा-कचरा होने की बात कही।
चित्रकूट स्थित तुलसी पीठ के संस्थापक स्वामी रामभद्रचार्य मंगलवार को पटना पहुंचे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर की रामचरितमानस पर की गई विवादित टिप्पणी पर आपत्ति जताई। रामभद्राचार्य ने कहा कि जो रामचरितमानस का क, ख, ग, घ भी नहीं जानते हैं, वे ही ऐसी बात कर रहे हैं। रामचरितमानस में एक भी अक्षर गलत नहीं है। लोग उसकी व्याख्या को समझ नहीं पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर को रामचरितमानस पर कुछ आता-जाता नहीं है। इस पर भयंकर राजनीति की जा रही है। भगवान राम और रामचरितमानस का अपमान किया जा रहा है।
इससे पहले शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने मंगलवार को कहा कि वे रामचरितमानस पर दिए गए अपने बयानों को लेकर अड़िग हैं। उन्होंने कहा कि इसमें थोड़ा कूड़ा-कचरा है, जिसे हटाने की जरूरत है। बाकी बहुत से मोती हैं उन्हें रखना चाहिए। इसमें शूद्र को लेकर अपमानजनक बातें लिखी गई हैं। पिछले महीने भी उन्होंने नालंदा यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह के दौरान रामचरितमानस को नफरत फैलाने और समाज को बांटने वाला ग्रंथ बताया था।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

