भोपाल
पर्यावरण प्रेमी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने जन्म-दिन पर जहाँ लाड़ली बहना योजना शुरू कर महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रूपये देने की सौगात दी, वहीं लाड़ली बहनों और नागरिकों ने नगरीय निकायों में 52 हजार से अधिक पौधे लगा कर लाड़ले मुख्यमंत्री को जन्म-दिन की बधाई दी। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री के 64 वें जन्म-दिन पर नगरीय निकायों को 23 हजार 360 से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य दिया था। उन्होंने इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए सतत समीक्षा भी की थी। परिणामस्वरूप नगरीय निकायों ने लक्ष्य से लगभग दोगुना 52 हजार से अधिक पौधे लगाए। सभी नगरीय निकायों में शिव वाटिका बना कर वहाँ पौधे लगाए गए।
मंत्री सिंह ने बताया कि प्रदेश में 596 शिव वाटिका बनाई गई हैं। इनमें से भोपाल संभाग में 45, चंबल में 44, ग्वालियर में 63, इंदौर में 66, जबलपुर में 87, नर्मदापुरम में 19, रीवा में 80, सागर में 83, शहडोल में 28 और उज्जैन संभाग में 81 शिव वाटिका बनाई गई हैं। शिव वाटिकाओं का कुल क्षेत्रफल 12 लाख 22 हजार 107 वर्ग मीटर है। मंत्री सिंह ने कहा कि सभी नगरीय निकायों में लगाए गए पौधों की पेड़ बनने तक सुरक्षा सुनिश्चित करें।
समस्त 413 नगरीय निकाय द्वारा निर्मित शिव वाटिका में पौध-रोपण लाड़ली बहनों, गणमान्य नागरिक एवं आमजन द्वारा किया गया। भोपाल में मुख्यमंत्री चौहान एवं नगरीय विकास एवं आवास मंत्री सिंह, महापौर श्रीमती मालती राय सहित अन्य जन-प्रतिनिधियों ने जम्बूरी मैदान के पास रिक्त स्थल पर नगर निगम द्वारा निर्मित शिव वाटिका में रूद्राक्ष, बेल, शमी, बरगद, पीपल, नीम आदि विभिन्न प्रजाति के 650 पौधे रोपित किये। नगरीय क्षेत्र इंदौर में सर्वाधिक 2150 पौधों का रोपण स्कीम नं. 71 के पास निर्मित शिव वाटिका एवं अन्य स्थानों पर किया गया। नगर निगम ग्वालियर में गौशाला एवं अन्य स्थानों पर 500 पौधों का रोपण किया गया। नगर निगम जबलपुर में शताब्दीपुरम् के पास शिव वाटिका का निर्माण कर 500 पौधे रोपे गए। प्रदेश के सभी 413 नगरीय निकाय द्वारा निर्मित शिव वाटिका में 52 हजार 272 पौधे लगाए गए हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

