टी.बी. उन्मूलन में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका : स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी

मध्य प्रदेश राज्य

भोपाल

लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा है कि टी.बी. उन्मूलन कार्यक्रम में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने "टी.बी. हारेगा, भारत जीतेगा'' स्लोगन का उल्लेख करते हुए टी.बी. मुक्त भारत बनाने में मीडिया से सहयोग की अपील भी की। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी "टी.बी. उन्मूलन में मीडिया की भूमिका'' पर कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2025 तक देश को टी.बी. मुक्त करने की घोषणा की है। प्रदेश में टी.बी. उन्मूलन के लिये राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आह्वान पर सभी वर्गों द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। जन-प्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठन और व्यावसायिक प्रतिष्ठान टी.बी. रोगियों को नियमित पोषण-आहार के लिये गोद लेकर मदद भी कर रहे हैं। प्रत्येक जिले में टी.बी. रोगियों को फूड बॉस्केट का वितरण किया जा रहा है।

मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि टी.बी. उन्मूलन के इस अभियान में शासन के साथ आम नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है। टी.बी. उन्मूलन के लिये अनुकूल वातावरण बनाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि मीडिया के सहयोग से टी.बी. संक्रमण के विरुद्ध अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देंगे।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि टी.बी. उन्मूलन अभियान में जन-प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और विभिन्न वर्गों के सामाजिक कार्यकर्ताओं का सहयोग लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि टी.बी. का इलाज उपलब्ध है और टी.बी. से संक्रमित कोई भी व्यक्ति पूरा उपचार लेकर संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ जीवन जी सकता है।

एमडी एनएचएम सुप्रियंका दास ने कहा कि कोविड के बाद स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार कार्य में बहुत सुधार हुआ है। टी.बी. पर हुए शोध से उपचार की गुणवत्ता बेहतर हुई है। द इंटरनेशनल यूनियन अगेंस्ट ट्यूबरकुलोसिस एण्ड लंग्ज डिजीज के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. कुलदीप सिंह सचदेवा ने कार्यशाला की रूपरेखा की जानकारी दी। कार्यशाला में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के वीडियो संदेश भी सुनाये गये।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry