नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच भीषण मुठभेड़, महिला नक्सली ढ़ेर; सर्च ऑपरेशन जारी

छत्तीसगढ़ रायपुर

 बीजापुर

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके बीजापुर के जंगलों में आज सुबह नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। एनकाउंटर में एक महिला नक्सली मारी गई है। समाचार लिखे जाने तक एनकाउंटर और सर्च ऑपरेशन जारी है। बीजापुर के पुलिस अधीक्षक अंजनेया वार्ष्णेय ने बताया कि घटना गंगालूर थाना क्षेत्र के कोरचोली और टोडका गांवों के बीच जंगल में सुबह करीब साढ़े छह बजे हुई। सुरक्षा बलों का एक संयुक्त दल नक्सल विरोधी अभियान पर निकला था, उसी दौरान नक्सलियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने एक महिला नक्सली को मार गिराया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। इनपुट मिले थे कि माओवादियों की पीएलजीए (पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी) कंपनी नं. 2 का कमांडर और गंगालूर क्षेत्र समिति का सदस्य दिनेश इलाके में मौजूद थे। अन्य नक्सलियों की मौजूदगी की जानकारी नहीं थी। अभियान में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के जवान शामिल थे। किसी भी जवान के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है।

गोलीबारी बंद होने के बाद वर्दीधारी महिला नक्सली का शव और 12 बोर की राइफल बरामद की गई है। महिला की अबतक पहचान नहीं हो सकी है। आस-पास के इलाकों में तलाशी अभियान अभी भी जारी है। मौके पर सुरक्षाबलों की अन्य टीमें भी पहुंची है। इनपुट के आधार पर जिन दो नक्सलियों की जानकारी मिली थी उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। पुलिस महिला के बारे में जानकारी जुटा रही है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry