नई दिल्ली
देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार एक बार फिर तेज हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 1590 नए मरीज मिले जो बीते 146 दिन में सबसे अधिक हैं। देश में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 8601 हो गई है। छह मरीजों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। महाराष्ट्र में तीन जबकि राजस्थान, कर्नाटक और उत्तराखंड में एक-एक मरीज की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि देश में सक्रिय मामलों में से 61 फीसदी, 5240 मरीज केरल, महाराष्ट्र और गुजरात में हैं। केरल में सबसे अधिक 2186, महाराष्ट्र में 1763 और गुजरात में 1291 सक्रिय मरीज हैं। 635 सक्रिय मरीजों के साथ कर्नाटक चौथे, तमिलनाडु 549 सक्रिय मरीजों के साथ पांचवें और 424 मरीजों के साथ दिल्ली छठे नंबर पर है।
4.47 करोड़ से अधिक लोग संक्रमित
देश में कोरोना से अबतक कुल 4,47,02,257 लोग संक्रमित चुके हैं। इसमें से 4,41,62,832 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं कोरोना से जान गंवाने वाले मरीजों का आंकड़ा 5,30,824 हो गया है। देश में कोरोना की साप्ताहिक संक्रमण दर 1.23 फीसदी है। वहीं अबतक मिले कुल मामलों में से सिर्फ 0.02 फीसदी ही सक्रिय केस हैं। स्वस्थ होने की दर 98.7 फीसदी है।
देश के आठ राज्य कोरोना मुक्त
स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार देश में संक्रमण की रफ्तार भले ही तेज है लेकिन आठ राज्य ऐसे भी हैं जहां कोरोना का एक भी मरीज नहीं है। इनें अंडमान निकोबार द्वीप, अरुणाचल प्रदेश, दादर नगर हवेली और दमन दीयू, लक्षद्वीप, मणिपुर, नागालैंड और त्रिपुरा में कोरोना वायरस का कोई नामों निशान नहीं है।
पहाड़ों पर वायरस बढ़ा रहा कदम
देश के पहाड़ी राज्यों में भी वायरस दबे पांच आगे बढ़ रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार हिमाचाल प्रदेश में बीते 24 घंटे में 69 नए मरीज मिले हैं और संक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 354 हो गई है। उत्तराखंड में 19 मरीजों का उपचार चल रहा है। इसी तरह जम्मू- कश्मीर में 72 और लद्दाख में चार मरीजों का उपचार चल रहा है।
221 करोड़ के करीब टीके की खुराक
देशभर में कोरोना से बचाव के लिए टीके की अबतक 220 करोड़ 65 लाख 23 हजार 295 खुराक दी जा चुकी है। 22 करोड़ 71 लाख से अधिक खुराक बूस्टर डोज की लगी है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार देश में अबतक कुल 92 करोड़ आठ लाख से अधिक सैंपल की जांच हो चुकी है। बीते 24 घंटे में 1.19 लाख सैंपल जांचे गए हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

