बिहार
बिहार के लखीसराय से बड़ी खबर है। प्रेम प्रसंग में एक युवक ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया कि नवरात्रा के त्योहारी माहौल में पूरा परिवार गम और दहशत में डूब गया। एक अनजान नंबर से परिवार को इसकी जानकारी दी गई जबकि युवक उस वक्त अपने घर में ही मौजूद था। पुलिस छानबीन में जुट गई है।
घटना लखीसराय शहर के नया बाजार कवैया रोड वार्ड संख्या 32की है। दरअसल, शहर के शिवम मैरिज हॉल के निकट शनिवार देर रात युवक ने गले में फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान विश्वनाथ प्रसाद साव उर्फ विसू साव के 27 वर्षीय पुत्र प्रेम मोहन उर्फ बंटूल के रूप में हुई। प्रेम मोहन को परिजन फंदे से उतारकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भी ले गए थे। लेकिन अस्पताल में ऑन ड्यूटी तैनात चिकित्सक ने जांच के बाद उनके मृत होने की पुष्टि देर रात लगभग सवा 12 बजे कर दी। इधर घटना की जानकारी के बाद कवैया थाना पुलिस भी सदर अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया और घर पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार प्रेम मोहन अविवाहित था। उसका किसी लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। हालांकि इस मामले में परिजन के सदस्य कुछ भी कहने से परहेज कर रहे हैं। मृतक के भाई आनंद मोहन की माने तो घटना की जानकारी किसी अनजान नंबर से उनकी मां को दी गई। कॉलर की बात सुनते ही सबके होश उड़ गए।
घर के सभी सदस्य उस कमरे की ओर दौड़े जिसमें युवक सोता था। साथ उस रूम का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया गया। काफी देर से अंदर से किसी तरह का जवाब नहीं मिलने के बाद परिवार के सदस्यों ने मिलकर दरवाजे को तोड़ दिया। अंदर रूम में छत से रस्सी के सहारे प्रेम मोहन लटका हुआ था। यह देखकर परिवार में कोहराम मच गया। मां का रो रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि प्रेम मोहन बालू, गिट्टी एवं ईंट का ब्रोकर था। उसका किसी लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस की निगरानी में मृतक का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस यह पता लगा रही है कि प्रेम मोहन ने घर में आत्महत्या की तो परिजनों को इसकी जानकारी बाहर के कॉलर से कैसे मिली। उसकी तलाश की जा रही है। मृतक के मोबाइल को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

