अंबिकापुर.
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर में एक व्यक्ति (30 वर्ष) ने अपनी पांच साल की बेटी को पेड़ के नीचे बिठा कर उसी पेड़ से फांसी लगा ली. उसने यह कदम क्यों उठाया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस के द्वारा ग्रामीणों से पूछताछ के बाद परिजनों को लाने पिकअप वाहन बगीचा के सांबरबार गांव भेजा गया है. घटना बतौली थाना क्षेत्र के नवपारा की है. मृतक पहाड़ी कोरवा समाज से है.
बताया जा रहा है कि रविवार की सुबह नवापारा बस्ती के समीप ग्रामीणों ने एक युवक को फांसी पर झूलता हुआ पाया. उसकी पांच साल की बेटी पेड़ के नीचे ही खेल रही थी. ग्रामीणों ने जब बच्ची के रोने की आवाज सुनी तो उन्होंने उसको अपने संरक्षण में ले लिया. साथ ही उन्होंने पुलिस को इसकी तत्काल सूचना दी. सूचना पाकर मृतक के परिजन देर शाम पहुंचे और उन्होंने उसकी पहचान रामदेव पहाड़ी कोरवा निवासी पुखराटोली सांबरबार बगीचा के रूप में की.
बतौली थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि ग्रामीणों से पूछताछ में यह पता चला है कि मृतक ने दो शादियां की थी. उसकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है. जबकि, दूसरी पत्नी उसे छोड़ कर चली गई थी. 23 मार्च को मृतक अपनी बेटी के साथ काम पर जाने की बात कह कर घरवालों से निकला था. मृतक की अबोध बच्ची अपने पिता के शव के पास ही खेलती रही.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

