सुपौल
सुपौल के सदर थाना क्षेत्र के धपरिया के पास सुनसान रास्ते में बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रविवार शाम की है। मृतक की पहचान बेला वार्ड 15 के रहने वाले अधिवक्ता माधव यादव के छोटे पुत्र आशीष कुमार के रूप में हुई है। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है।
रास्ते में रोककर मारी गोली
बताया जा रहा है कि आशीष के बड़े भाई की बेटी कलि प्रिया की तबीयत खराब हो गई थी। उसे शहर के एक क्लीनिक में भर्ती कराने के बाद वह अपने पिता को लाने बाइक से घर के लिए निकला। रास्ते में सुनसान जगह पर बाइक सवार बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया। प्रत्यदर्शियों की मानें तो आशीष की बाइक रुकते ही बदमाश उसके साथ हाथापाई करने लगे और सीने में दो गोली दागकर फरार हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर खेत में काम कर रहे लोग वहां पहुंचे और पुलिस व परिजनों को घटना की जानकारी दी।
मौके पर ही आशीष की मौत
जब तक परिजन वहां पहुंचते तब तक आशीष की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया। हालांकि घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सदर थानाध्यक्ष मनोज महतो ने बताया कि गोली आशीष के सीने में लगी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रंजिश के चलते हत्या की आशंका- पुलिस
घटना के बाद मृतक के पिता अधिवक्ता माधव प्रसाद यादव और बड़ा भाई रवीन्द्र यादव सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस को आशंका है कि किसी परिचित के रोकने पर ही आशीष ने बाइक रोकी और फिर उसके सीने में गोली दाग दी। घटना को लेकर परिजन भी कुछ नहीं बता रहे हैं, हालांकि पुलिस रंजिश को हत्या का कारण मान रही है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

