भोपाल
आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी के प्रबंध संचालक भरत यादव से आज विश्व बैंक के प्रतिनिधियों ने सौजन्य भेंट की। विश्व बैंक मिशन में टास्क टीम लीडर रघु केशवन, डी.एम. मोहन, अमित आनंद और रिधीमन साह शामिल हैं। गौरतलब है कि विश्व बैंक के सहयोग से प्रदेश के छिंदवाडा, महेश्वर, भैरूंदा, शाजापुर, शहडोल, धरमपुरी एवं भेड़ाघाट में सीवरेज परियोजना और खरगौन, बुरहानपुर और सेवढ़ा में जल प्रदाय परियोजना पर कार्य किया जा रहा है।
प्रबंध संचालक भरत यादव ने विश्व बैंक मिशन को आश्वस्त किया कि परियोजना के लक्ष्यों को तय समय-सीमा में पूरा कर लिया जायेगा। उन्होंने प्रतिनिधि-मंडल से विश्व बैंक के साथ एमपीयूडीसी में नवाचारों पर कार्य करने की इच्छा जताई, जिस पर विश्व बैंक प्रतिनिधि-मंडल द्वारा सकारात्मक प्रतिक्रिया दी गई। इस मौके पर अतिरिक्त प्रबंध संचालक श्रीमती रूचिका चौहान और प्रमुख अभियंता दीपक रत्नावत भी मौजूद थे।
विश्व बैंक दल ने मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी के मुख्यालय में परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय स्थिति की अद्यतन जानकारी ली। पर्यावरण विशेषज्ञ डॉ. राजेश प्रजापति और सामुदायिक विशेषज्ञ हेमंत खरे ने प्रेजेंटेशन से परियोजनाओं में सेफगार्ड से संबंधी सुधार के बारे में बताया।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

