मुख्यमंत्री ने कहा कांग्रेस ने सदैव आदिवासी और अन्य महापुरुषों का किया अपमान

राजनीती

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि एक खानदान गांधी नेहरू का नाम जपने के अलावा कांग्रेस ने सदैव आदिवासी और अन्य महापुरुषों का अपमान किया है। कांग्रेस को आदिवासी गौरव का अपमान नहीं करना चाहिए और नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविन्द सिंह द्वारा किए गए रानी कमलापति के अपमान पर कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को जवाब देना चाहिए।

राजधानी के स्मार्ट पार्क में पत्रकारों को संबोधित करते हुए सीएम चौहान ने कहा कि बीजेपी की सरकार बनने के बाद आदिवासियों और अन्य समाज के महापुरुषों के गौरव और बलिदान को सामने लाने का काम किया जा रहा है। रानी कमलापति भोपाल की अंतिम हिन्दू शासक थी। उन्होंने छल कपट से बचने के लिए राजधानी के छोटे तालाब में जल समाधि ली थी। उनके नाम पर ही कमला पार्क है। इसके बाद भी कांग्रेस के नेता आदिवासी समाज के गौरव का अपमान कर रहे हैं।

नाथ दें जवाब, सहमत नहीं है तो मांगें माफी: वीडी
उधर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी नेता प्रतिपक्ष गोविन्द सिंह द्वारा रानी कमलापति को लेकर दिए गए बयान पर इसे आदिवासी और गोंड समाज का अपमान कहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नेता सोनिया गांधी और पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ को इसका जवाब देना चाहिए। अगर वे नेता प्रतिपक्ष गोविन्द सिंह के बयान से सहमत नहीं हैं तो आदिवासी समाज से माफी मांगे।

उन्होंने सवाल किया कि बीजेपी की सरकारों में आदिवासी महापुरुषों को मिल रहे सम्मान से कांग्रेस के पेट में दर्द क्यो हो रहा है? शर्मा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का बयान कांग्रेस की आदिवासी विरोधी मानसिकता और आदिवासियों के साथ कांग्रेस द्वारा वर्षों से किए छलावे को दर्शाता है। कांग्रेस संपूर्ण आदिवासी समाज से तत्काल माफी मांगे। दूसरी ओर प्रदेश अध्यक्ष शर्मा के आह्वान पर भाजपा अजा मोर्चा, युवा मोर्चा और महिला मोर्चा ने मिलकर प्रदेश के सभी मंडलों में गोविन्द सिंह का पुतला दहन किया।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry