भोपाल
इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पिछले तीन दिनों से मालवा क्षेत्र में डेरा जमाए हुए हैं। इस बार दिग्विजय सिंह दो ऐसे विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचे, जहां पर कांग्रेस 2018 का चुनाव जीती, लेकिन बाद में उसके विधायक पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। दोनों ही विधायक अब भाजपा सरकार में मंत्री हैं।
दिग्विजय सिंह पिछले तीन दिनों से धार, रतलाम, मंदसौर और नीमच जिलों में हैं। आज वे नीमच जिले में हैं। इन चारों जिलों की 6 विधानसभा क्षेत्रों में वे पहुंचे। मालवा के इन क्षेत्रों में इस बार उन्होंने दो ऐसे विधानसभा क्षेत्र चुने, जिनमें कांग्रेस 2018 का चुनाव तो जीती, लेकिन उसके विधायक कांग्रेस छोड़कर भाजपा में चले गए। गुरुवार को धार जिले के बदनावर में दिग्विजय सिंह पहुंचे थे। यहां के विधायक राजवर्धन सिंह दत्तीगांव पहले कांग्रेस में थे, अब वे भाजपा सरकार में मंत्री हैं। इसी तरह वे शुक्रवार को मंदसौर जिले के सुवासरा में पहुंचे थे।
यहां पर पहले कांग्रेस के टिकट पर हरदीप सिंह डंग चुनाव जीते थे, बाद में वे भाजपा से उपचुनाव लड़े और जीते, अब वे शिवराज सिंह चौहान की सरकार में मंत्री हैं।इन दोनों मंत्रियों के क्षेत्र में जाकर कांग्रेस को मजबूत करने का दिग्विजय सिंह ने प्रयास किया। इसके चलते उन्होंने यहां पर मंडलम-सेक्टर के पदाधिकारियों के साथ ही सभी नेताओं से मुलाकात की और मनमुटाव और आपसी संवाद कर जीत के लिए सभी को एक होने की बात की। दिग्विजय सिंह आज नीमच जिले के विधानसभा क्षेत्रों में रहेंगे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

