बहराइच
बहराइच से भीषण सड़क हादसे की खबर है। गुरुवार और शुक्रवार की देर रात करीब 12 बजे टेंपो को एक अज्ञात तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। यह भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि टेंपो काफी दूर तक घिसटती चली गई। इस एक्सिडेंट में 5 लोगों की मौत की सूचना आ रही है। वहीं, दुर्घटना में 10 लोगों के घायल होने का समाचार है। बहराइच के कैसरगंज इलाके में हुई दुर्घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने घटना के बाद अधिकारियों को तत्काल स्थिति का जायजा लेने का निर्देश दिया। साथ ही, दुर्घटना में घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित कराने के आदेश दिए हैं।
बहराच के कैसरगंज में दुर्घटना उस समय हुई जब एक तिलक समारोह में भाग लेने के बाद लोग वापस लौट रहे थे। कैसरगंज के मदनी हॉस्पिटल के पास तेज रफ्तार डंपर लोगों से भरी ऑटोरिक्शा को रौंद दिया। मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेज दिया। मरने वाले सभी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के समय डंपर की रफ्तार काफी ज्यादा थी। ऑटो को रौंदने के बाद डंपर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। देर रात तिलक चढ़ाकर टेंपो से लौट रहे लोगों के वाहन से डंपर टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 5 लोगों की मौत हो गई और 10 घायल हो गए। घायलों में 8 को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। इसमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
क्या है पूरा मामला
कैसरगंज के रुकनपुर गांव से भगवान दास की बेटी का तिलक चढ़ाकर लोग अपने गांव पुरैनी जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहा ट्रक डंपर सभी को कुचलते हुए निकल गया। मौके चीख-पुकार मच गई। अस्पताल पहुंचाने से पहले ही भगवान दास, खुशबू, अमित हरिश्चंद्र और जयकरण समेत 5 लोगों की मौत हो गई। ऑटो में सवार अन्य 10 लोग घायल हो गए। घायलों में से 2 लोगों को मामूली चोटें आई थी। प्राथमिक उपचार के बाद वे अपने घर चले गए। वहीं, जिला अस्पताल में भर्ती लोगों में से दो को लखनऊ रेफर किया गया है।
सीएम योगी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद बहराइच में हुए सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। दुर्घटना के मामले में पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ केस दर्ज किया है। एएसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था की गई है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

