कवर्धा.
छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के आदिवासी बहुल तरेगांव में विभत्स घटना ने गांववालों को झकझोर दिया. शादी समारोह के भोज के दौरान गांव के लोगों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में एक व्यक्ति ने अपने दो छोटे भाइयों को कुल्हाड़ी से काट कर मार डाला. बीच-बचाव करने के लिए आई पत्नी और अन्य लोगों को भी घायल कर दिया. दोनों भाई अपनी भाभी के साथ डांस कर रहे थे, इसलिए आरोपी ने यह कदम उठाया. पुलिस के मुताबिक आरोपी को अपनी पत्नी और दोनों छोटे भाइयों के बीच अवैध संबंध का शक था. हत्या की वजह इसे ही माना जा रहा है.
जानकारी के अनुसार तरेगांव थाना क्षेत्र में रहने वाले तिनहा बैगा (46 वर्ष) के बेटे की रविवार को शादी थी. सोमवार को बारात लौटी. इसके बाद मंडप में शादी के रस्मों को पूरी करने के साथ ही गांव वालों को भोज का न्यौता दिया गया था. रस्मों के दौरान शादी के मंडप में तिनहा की पत्नी बेटे की शादी की खुशी में डांस कर रही थी. उसके दो देवर यानी तिनहा के दो सगे भाई जगत बैगा व टिकटु बैगा भी डांस कर रहे थे. अपनी पत्नी के साथ अपने दोनों छोटे भाइयों को नाचता देख तिनहा गुस्से से आगबबूला हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तिनहा को अपने भाइयों का अपनी पत्नी के साथ डांस करना रास नहीं आया. उसने कुल्हाड़ी उठाकर अपने दोनों सगे भाइयों पर हमला कर दिया. दोनों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में इतनी बार वार किया कि मौके पर ही दोनों की जान चली गई. आसपास का हिस्सा खून से सन गया. तिनहा ने बीच-बचाव करने आई अपनी पत्नी, जीजा सुखराम बैगा और बड़े भाई तुनहा बैगा पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. इससे वे भी घायल हो गए. घटना के बाद घर में मौजूद रिश्तेदारों में चीख-पुकार मच गई. सारे रिश्तेदार घर से बाहर भागने लगे. वहां जमा हुए आसपास के लोगों में भी भगदड़ मच गई. पड़ोसियों ने वारदात की सूचना पुलिस को दी.
मौके पर पहुंची पुलिस को घर के आंगन में बने शादी के मंडप के नीचे फर्श पर खून ही खून बिखरा मिला. साथ ही दोनों शवों के चेहरे इतने विभत्स हो गए थे कि उनकी शिनाख्त करना मुश्किल हो रहा था. आरोपी तिनहा बैगा को घर से ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया. वह शराब के नशे में था. जब उससे थाने में पुलिस ने पूछताछ की तब उसने बताया कि उसे शक था कि उसके दोनो छोटे भाई उसकी पत्नी यानी अपनी भाभी से शारीरिक संबंध बनाते हैं. उसे पहले से ही अपनी पत्नी पर चरित्र शंका थी और अपने भाइयों के साथ पत्नी को नाचता देख उसे अपना शक सही होता लगा और वह आपे में नहीं रह पाया. शराब के नशे मे दोनो भाइयों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. बीच बचाव करने वाले अन्य रिश्तेदारों को घायल कर दिया. पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्यवाही में जुटी है.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

