कॉलोनियों में सभी नियमित कार्य होंगे
मुख्यमंत्री ने मंत्रि-परिषद की बैठक के पहले मंत्रीगण को संबोधित किया
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रि-परिषद की बैठक के पहले मंत्रीगण को जानकारी दी कि प्रदेश में अनियमित और अवैध कॉलोनियों को वैध करने का कार्य किया गया है। आज कार्यक्रम में 6 हजार से अधिक कॉलोनी वैध करते हुए अनुज्ञा प्रमाण-पत्र दिए गए हैं। प्रदेश के विभिन्न नगरीय निकायों के रहवासी संघ भी इस कार्यक्रम से जुड़े थे। कॉलोनियों के वैध हो जाने से सभी नियमित कार्य सड़क, पानी, बिजली, खरीदी-बिक्री, बैंक से लोन आदि हो सकेंगे। राज्य सरकार के निर्णय से आम जनता को बड़ी राहत मिली है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आज हुए कार्यक्रम में 31 दिसंबर 2016 तक निर्मित अनाधिकृत कॉलोनियों को वैध किया गया है। अब 31 दिसंबर 2022 तक निर्मित कॉलोनियों को भी वैध किया जाएगा। सभी रहवासी संघ को कॉलोनियों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया है।
मुख्यमंत्री चौहान ने 22 मई को राजधानी में महारानी पद्मावती की प्रतिमा के अनावरण, महाराणा प्रताप और छत्रसाल जयंती के सफल कार्यक्रमों की भी जानकारी मंत्रीगण को दी। मंत्रि-परिषद की बैठक वंदे-मातरम गायन के साथ प्रारंभ हुई।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

