पाकिस्तान में अकेले पड़ते जा रहे रहे इमरान, करीबी बाबर अवान ने भरी लंदन की उड़ान

दुनिया

 इस्लामाबाद

मुश्किलों में घिरे इमरान खान की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। इस बीच एक के बाद एक उनके करीबी देश छोड़कर भाग रहे हैं। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) नेता और इमरान के करीबी बाबर अवान शुक्रवार को लंदन चले गए। गौरतलब है कि इससे पहले भी कई अन्य नेता पार्टी से संबंध तोड़ चुके हैं और राजनीति छोड़ने की घोषणा कर चुके हैं। हालांकि बाबर अवान का कहना है कि लंदन जाने का उनका फैसला पहले से तय था।

वापस आने की कह रहे बात
अवान पीटीआई चेयरमैन इमरान खान के करीबी और कानूनी सलाहकार हैं। जियो न्यूज के मुताबिक अवान के पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि उनकी लंदन यात्रा काफी पहले से प्रस्तावित थी। साथ ही यह भी कहा गया कि वह बहुत जल्द लौटेंगे। वहीं, अवान ने एक ट्वीट में कहा कि वह निजी वजहों से दूर गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सभी दवाएं पाकिस्तान में बनी हुई हैं और वह पाकिस्तानी डॉक्टरों से इलाज भी करा रहे हैं। अभी तक जिन पीटीआई नेताओं ने पार्टी छोड़ी है, उनमें फवाद चौधरी, शिरीन मजारी समेत कई अन्य नाम शामिल हैं।

कुछ राहत भरे मौके
इस बीच इमरान की पार्टी के लिए कुछ राहत भरे मौके भी आए हैं। इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने गुरुवार को पीटीआई नेता एजाज चौधरी की रिहाई का आदेश दे दिया। कोर्ट ने एमपीओ के तहत चौधरी की गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताया है। यह फैसला पीटीआई के सेक्रेट्री जनरल असद उमर के रावलपिंडी स्थित आदियाला जेल से रिहा किए जाने के बाद आया है। हालांकि जेल से बाहर आने के बाद ही असद उमर ने प्रेस कांफ्रेंस की और पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।

नौ मई की घटना
गौरतलब है कि इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद हुए प्रदर्शन में करीब आठ लोगों की मौत हो गई थीं। देश भर में पीटीआई समर्थकों ने प्रदर्शन किए थे। हालात पर काबू पाने के लिए सरकार ने इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी थी। वहीं, इमरान की पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा रावलपिंडी स्थित मुख्यालय के साथ-साथ विभिन्न मिलिट्री संस्थानों पर हमले के चलते आर्मी ने नौ मई को ब्लैक डे घोषित कर दिया था।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry