गिलगित-बाल्टिस्तान में हिमस्खलन, 11 लोगों की मौत, 25 घायल रेस्क्यू में जुटी पाक सेना

दुनिया

पाकिस्तान
पाकिस्तान के गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र में शनिवार को हिमस्खलन की घटना में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है। वहीं इस घटना में 25 अन्य घायल हो गए हैं। मारे गए सभी लोग खानाबदोश जनजाति से आते हैं। स्थानीय पुलिस ने पाकिस्तानी मीडिया को बताया कि पहाड़ी क्षेत्र के अस्तोर जिले के शंटर टॉप इलाके में आई इस आपदा में 4 महिलाएं और चार साल का एक बच्चा भी शामिल है। पुलिस ने कहा कि स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया और बाद में पाकिस्तानी सेना के जवान भी अभियान में शामिल हो गए।

गिलगित-बाल्टिस्तान के प्रमुख सचिव मोहिउद्दीन वानी ने हिमस्खलन की घटना की पुष्टि की और कहा कि प्रभावित क्षेत्र में बचाव दल काम कर रहे हैं। क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक तुफैल मीर ने कहा कि दुर्गम इलाका होने के कारण बचाव दल को प्रभावित क्षेत्र तक पहुंचने में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। गिलगित-बाल्टिस्तान के मुख्यमंत्री खालिद खुर्शीद खान ने हिमस्खलन में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया।

 उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को बचाव अभियान में तेजी लाने का निर्देश भी दिया। सीएम खालिद खुर्शीद ने गिलगित बाल्टिस्तान आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आंतरिक सचिव, महानिदेशक और अन्य अधिकारियों से घटना की तुरंत जांच करने को कहा है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक ट्वीट में हिमस्खलन में कीमती जानों के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों के कारण पाकिस्तान में ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं।
 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry