भोपाल
मंदसौर गोली कांड की बरसी पर कमलनाथ ने पिपलिया मंडी में भाजपा सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि यहां जब किसानों पर गोली चलाई गई तक किसान इस सरकार से न्याय मांग रहा था, अपनी फसल की सही कीमत मांग रहा था, लेकिन बदले में उसे सरकार ने दी पुलिस की गोली। आज तक इस पर रिपोर्ट नहीं आई। दबाने-छुपाने की राजनीति कर रही है यह सरकार।
मंदसौर गोलीकांड में मारे गए 6 किसानों की छठवीं बरसी पर मंगलवार को कमलनाथ पिपलिया मंडी पहुंचे। यहां पर उन्होंने कहा कि मृतक किसानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस सरकार से यहां के किसानों को अब उम्मीद नहीं बची है। मध्य प्रदेश अब चौपट राज्य हो गया है। रोजगार चौपट हो गया है। कृषि व्यवस्था, शिक्षा व्यवस्था, अर्थ व्यवस्था, कानून व्यवस्था चौपट हो गई।
इस सरकार को 18 साल तक किसी की याद नहीं आई, अब जब चुनाव आ गए तो घोषणा मशीन डबल स्पीड से चल रही है। प्रदेश का सत्यानाश कर दिया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने मंदसौर जिले के एक लाख एक हजार किसानों के कर्जा माफ किया था। हम जो वादा करते हैं उसे पूरा करते हैं। नाथ ने यहां पर महाकाल लोक में सप्तऋषियों की प्रतिमाओं के खंडित होने का मामला भी उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनता को गुमराह करती है, महाकाल लोक का घोटाला कर दिया। सप्तऋषियों की प्रतिताएं हवा से गिर गई। ऐसा निर्माण इन्होंने करवाया। नाथ ने कहा कि चुनाव के पांच महीने बचे हैं तो भाजपा को बहने याद आ गई, किसान, व्यापारी याद आ गए।
जो जनता में सबसे लोकप्रिय वही बनेगा मुख्यमंत्री
कमलनाथ ने यहां पर मीडिया से चर्चा करते हुए कांग्रेस में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर लगातार उठ रहे बयानों को लेकर सवाल के उत्तर में कहा कि कांग्रेस की ओर से वहीं मुख्यमंत्री होगा जो जनता में सबसे ज्यादा लोकप्रिय होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के जिन लोगों ने बयान दिए हैं, वे पत्रकारों ने भी सुने हैं और उन्होंने भी सुने हैं। अंत में वहीं चेहरा होगा जिसे जनता स्वीकार करेगी। गौरतलब है कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह सहित अन्य नेता लगातार बयान देते रहे हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

