फांसी के फंदे पर लटके युवक के शव मामले में हत्या के पांच आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ रायपुर

कांकेर

जिले के नरहरपुर थाना क्षेत्र अंर्तगत ग्राम कोहकाटोला में फांसी के फंदे पर लटकी मिली युवक उमेंद्र कुंजाम के शव मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों रामानंद कोडोपी पुरुषोत्तम कोडोपी, रामलाल कांगे, सिदेराम नेताम और सुखीराम कोडोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच में पता चला कि बेटी के साथ युवक की दोस्ती से पिता इतना नाराज था कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 अप्रैल 2023 को युवक उमेंद्र कुंजाम का शव ग्राम कोहकाटोला के ही सालिक राम के खेत में इमली के पेड़ पर फांसी से लटकी हुई मिली थी। मृतक के परिजनों ने बताया था कि 10 अप्रैल को उमेंद्र का जन्मदिन था, वह घर से किसी काम से निकला था, लेकिन फिर वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह उसका शव पेड़ पर फांसी से लटका हुआ मिला। इस मामले पर ग्राम पटेल रामानंद कोडोपी और उसके साथियों ने गांव वालों पर दबाव बनाकर और मृतक के परिजनों को गांव से बहिष्कृत करने की धमकी देकर थाने में मामला दर्ज करवाने से मना कर दिया। आनन-फानन में शव को पेड़ से उतरवाकर नदी किनारे ले जाकर उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया।

कांकेर एसपी दिव्यांग पटेल ने बताया कि थाना नरहरपुर को एक माह पहले मृतक की फांसी वाली फोटो मिली थी, जिसके आधार पर जांच की जा रही थी। नहरहरपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर परिजनों से पूछताछ के साथ जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि ग्राम पटेल रामानंद कोडोपी की बेटी और कॉलेज छात्र उमेंद्र कुंजाम के बीच दोस्ती थी। वे अक्सर एक-दूसरे से मिलते-जुलते थे और उनके बीच बातचीत हुआ करती थी। इस बात से लड़की का पिता रामानंद बेहद नाराज था और उसने युवक उमेंद्र कुंजाम को कई बार बेटी से बात नहीं करने की चेतावनी दी थी। इसके बाद भी युवक-युवती से बात करना नहीं छोड़ा, इससे गुस्साए पिता ने अपने 4 साथियों के साथ मिलकर 10 अप्रैल को युवक की हत्या कर दी।

उन्होने बताया कि आरोपी रामानंद ने उमेंद्र को 10 अप्रैल की रात मिलने के लिए बुलाया और ग्राम कोहकाटोला से चरमट्टी जाने वाले मार्ग पर पुलिया के पास ले जाकर उसका गला दबा दिया। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसकी लाश को अपने साथियों के साथ मिलकर इमली के पेड़ पर लटका दिया। युवक की शर्ट से ही फंदा बनाकर उसकी लाश को इस तरह से पेड़ पर लटकाया गया, जिससे लगे कि फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी रामानंद कोडोपी और उसके 4 साथियों पुरुषोत्तम कोडोपी, रामलाल कांगे, सिदेराम नेताम और सुखीराम कोडोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry