‘औरंगजेब के नए अवतार शरद पवार’, BJP नेता के बयान से NCP में उबाल; बवाल के आसार

राजनीती

मुंबई
 महाराष्ट्र के कोल्हापुर में हुई हिंसा के बाद राजनीतिक विवाद छिड़ गया है। जिसमें शिवाजी चौक पर हिंदू संगठनों की एक रैली में कथित रूप से औरंगजेब और टीपू सुल्तान का महिमामंडन करने वाली कुछ सोशल मीडिया पोस्ट का विरोध किया गया था। रैली के समापन के बाद, कुछ उपद्रवियों ने मुस्लिम समुदाय के घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे विरोध हिंसक हो गया। पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और इसमें 36 लोगों की गिरफ्तारियां हुई। इस मामले में कई राजनीतिक बयान सामने आए। अब बीजेपी नेता नीलेश राणे के विवादित ट्वीट ने नया बवाल पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा है कि औरंगजेब का पुनर्जन्म हैं शरद पवार। इस बयान को एनसीपी इस मामले को हल्के में लेने के मूड में नहीं है। पार्टी शुक्रवार को मुंबई में जेल भरो आंदोलन करेगी।

दरअसल, औरंगजेब का महिमामंडन वाली कुछ सोशल मीडिया पोस्ट के विरोध में महाराष्ट्र के अहमदनगर और कोल्हापुर समेत कुछ जिलों में कुछ दिनों से बवाल मचा है। इस मामले में पहले गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अचानक औरंगजेब की इतनी औलादें कहां से आ गईं. इसकी तलाश शुरू है। जवाब में शरद पवार ने कहा कि पोस्टर अहमदनगर में लगाए गए तो पुणे-कोल्हापुर में बवाल क्यों? दो-चार लोगों ने कुछ गलत किया तो इतना भूचाल क्यों? सरकार का काम धार्मिक सौहार्द को बनाए रखना होता है।

अब इस विवाद में बीजेपी नेता नीलेश राणे भी कूद गए हैं। महाराष्ट्र में मुसलमानों और ईसाइयों जैसे अल्पसंख्यक समुदायों के लिए चिंता व्यक्त करने के बारे में दिए पवार के बयान पर राणे ने ट्वीट किया, “चुनाव नजदीक आते ही पवार साहब मुस्लिम समुदाय के लिए चिंतित हो जाते हैं। कभी-कभी लगता है कि शरद पवार औरंगजेब के अवतार हैं। हालांकि राकांपा ने राणे से ट्वीट को हटाने के लिए कहा है, लेकिन भाजपा नेता अभी तक अपने रुख से नहीं डिगे हैं क्योंकि ट्वीट अभी भी उनके प्रोफाइल पर देखा जा सकता है।

एनसीपी का जेल भरो आंदोलन
राणे के ट्वीट पर एनसीपी भड़की हुई है। एनसीपी ने ऐलान किया है कि शुक्रवार सुबह 11 बजे दक्षिण मुंबई के एमआरए मार्ग पुलिस थाने में "जेल भरो आंदोलन" के साथ विरोध करेगी। इस बीच, पार्टी के एक नेता क्लाइड क्रैस्टो ने पवार को बदनाम करने वाले "दुर्भावनापूर्ण" ट्वीट पर ट्विटर से कार्रवाई की मांग की।

हिंसा के आरोप में दर्जनों गिरफ्तारियां
कोल्हापुर हिंसा के सिलसिले में अब तक 36 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और तीन किशोरों को हिरासत में लिया गया है। कोल्हापुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) महेंद्र पंडित ने कहा कि अपराधियों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज को स्कैन किया जा रहा है। वहीं, इस मामले में अब तक कुल चार आपराधिक मामले दर्ज किये जा चुके हैं।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry