नई दिल्ली
कांग्रेस कायापलट के लिए तैयार है। खबर है कि 2024 लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी की शीर्ष समिति कांग्रेस वर्किंग कमेटी यानी CWC से लेकर कई प्रदेश अध्यक्षों तक में बदलाव की तैयारी है। इसके अलावा संभावनाएं हैं कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को उत्तर प्रदेश के बजाए बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। 2023 में राजस्थान, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव और पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव होने हैं। होने हैं। कहा जा रहा है कि कांग्रेस में बड़े स्तर पर बदलाव की तैयारियां जारी हैं। एक मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि तमिलनाडु, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, गुजरात, महाराष्ट्र और झारखंड को जल्द ही नए प्रदेश अध्यक्ष मिलने वाले हैं। इसके अलावा गुजरात, ओडिशा, पुडुचेरी, बिहार, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और झारखंड में पार्टी प्रभारियों में भी बदलाव कर सकती है।
राजस्थान में पूरा मेकओवर
रिपोर्ट के अनुसार, सूत्रों ने बताया है कि राजस्थान में जल्दी नए कांग्रेस समिति गठित हो सकती है। दरअसल, राज्य में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के बीच जारी तकरार पर स्थिति साफ नहीं हो पाई है। अटकलें लग रही हैं कि पायलट जल्दी अपनी नई पार्टी का ऐलान कर सकते हैं, लेकिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इस बात से इनकार कर रहे हैं।
नई CWC
बीते साल अक्टूबर में हुए कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के बाद से ही कांग्रेस में CWC में बदलाव की अटकलें हैं। अब कहा जा रहा है कि समिति को लेकर भी पार्टी जल्दी बड़ी घोषणा करेगी। संगठन में बदलाव की प्रक्रिया कुछ हफ्तों में पूरी हो सकती है। इधर, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में जीत के बाद पार्टी प्रियंका गांधी को भी बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी कर रही है। 2024 लोकसभा चुनाव के लिए भी वह बड़े स्तर पर प्रचार करती नजर आएंगी।
MP से शुरुआत!
चुनावी राज्य एमपी से प्रियंका गांधी प्रचार अभियान की शुरुआत कर सकती हैं। वह 12 जून को जबलपुर पहुंच रही हैं। फिलहाल, प्रियंका उत्तर प्रदेश की प्रभारी हैं। पार्टी को यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस 399 सीटों पर मैदान में थी, लेकिन 2 ही सीटें जीत सकी थी। इतना ही नहीं पार्टी की 387 सीटों पर जमानत जब्त हो गई थी। पार्टी की इस हार के बाद से ही प्रियंका ने यूपी का दौरा नहीं किया है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

