नई दिल्ली
रोहित शर्मा फैंस की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाए। आईसीसी विश्व टैस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में उनका चलना बेहद जरूरी था, लेकिन जब टीम 444 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो रोहित एक अच्छी पारी को बड़ी पारी में तब्दील करने में फेल हो गए। वह 60 गेंदों में 43 रन बनाकर आउट हो गए, जिसमें 4 चौके व 1 छक्का शामिल रहा जो उन्होंने पेसर मिचेल स्टार्क के पारी के 7वें ओवर की दूसरी गेंद पर फाइन लेग दिशा में जड़ा। रोहित पहली पारी में भी 15 रन बनाकर चलते बने थे। वह भले ही ना चल पाए हों, लेकिन इस मैच में उन्होंने पूर्व साथी क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का एक रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
क्या है वो रिकॉर्ड?
दरअसल, यह रिकॉर्ड है टेस्ट में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा छक्के लगाने का। रोहित का यह 50वां टेस्ट मैच था। वह अभी तक 70 छक्के पूरे कर चुके हैं। इसी के साथ उन्होंने सचिन को पीछे छोड़ दिया है। वह सचिन को पीछे छोड़ते हुए टेस्ट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। वहीं सचिन अब चौथे स्थान पर हैं, जिनके नाम 69 छक्के दर्ज हैं। वहीं इस मामले में पहले नंबर पर वीरेंद्र सहवाग हैं, जिनके नाम 90 छक्के दर्ज हैं। दूसरे नंबर एमएस धोनी 78 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर काबिज हैं, लेकिन उनका यह रिकॉर्ड भी अब रोहित के हाथों से टूटने के लिए ज्यादा दूर नहीं है।
टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज-
90 – वीरेंद्र सहवाग
78 – एमएस धोनी
70 – रोहित शर्मा
69 – सचिन तेंदुलकर
इसके अलावा रोहित शर्मा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर ओपनर 13 हजार रन भी पूरे कर लिए हैं। वह 27 रन दूर थे, लेकिन उन्होंने इसे हासिल कर बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। टीम इंडिया के लिए रोहित शर्मा वनडे, टी20 और अब टेस्ट में भी ओपनिंग की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

