नईदिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) 20-25 जून 2023 तक अमेरिका और मिस्र की यात्रा करेंगे। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल बाइडेन के निमंत्रण पर नरेंद्र मोदी अमेरिका जाने वाले हैं। अमेरिका में नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की शुरुआत न्यूयॉर्क से होगी। 21 जून को वह संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह का नेतृत्व करेंगे।
इसके बाद नरेंद्र मोदी अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी पहुंचेंगे। 22 जून को अमेरिका के राष्ट्रपति के घर व्हाइट हाउस में उनका आधिकारिक स्वागत होगा। वह राष्ट्रपति जो बाइडेन से मिलेंगे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्वीपक्षीय बातचीत होगी। 22 जून की शाम नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति बाइडेन और उनकी पत्नी द्वारा रखे गए स्टेट डिनर में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
अमेरिकी कांग्रेस की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे नरेंद्र मोदी
पीएम मोदी 22 जून को अमेरिकी कांग्रेस की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे। इसमें प्रतिनिधि सभा और सीनेट शामिल है। 23 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी उप राष्ट्रपति कमला हैरिस और राज्य सचिव एंटनी बिल्नकेन द्वारा संयुक्त रूप से होस्ट किए गए लंच में जाएंगे। इसके अलावा नरेंद्र मोदी प्रमुख सीईओ, पेशेवरों और अन्य स्टेकहोल्डर्स के साथ बातचीत करेंगे। वह प्रवासी भारतीयों से भी मिलेंगे।
पहली बार मिश्र जा रहे हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
अमेरिका की यात्रा पूरी करने के बाद नरेंद्र मोदी 24-25 जून तक मिस्र अरब गणराज्य की राजकीय यात्रा करने के लिए कायरो जाएंगे। वह मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी के निमंत्रण पर मिस्र जाने वाले हैं। जनवरी 2023 में अब्देल फतह अल-सिसी भारत आए थे। वह भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में 'मुख्य अतिथि' बने थे। विदेश मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी पहली बार मिस्र जाने वाले हैं। नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति सिसी के साथ बातचीत करेंगे। इसके अलावा वह मिस्र सरकार के वरिष्ठ गणमान्य लोगों, मिस्र की कुछ प्रमुख हस्तियों और मिस्र में भारतीय समुदाय के साथ बातचीत करेंगे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

