‘मुझे समझ नहीं आ रहा मेकर्स ने क्या सोचा…’, आदिपुरुष पर बिफरे रामायण फेम अरुण गोविल

मनोरंजन

 मुंबई

प्रभास स्टारर 'आदिपुरुष' शुक्रवार को रिलीज हो गई। फिल्म के डायलॉग को लेकर राइटर से लेकर डायरेक्टर तक सोशल मीडिया पर निशाने पर हैं। विवाद बढ़ता देख मनोज मुंतशिर और ओम राउत सामने आए। कई इंटरव्यू में वो फिल्म को लेकर अपनी सफाई दे चुके हैं। डायलॉग राइटर मनोज का कहना है कि फिल्म को आसान भाषा में समझने के लिए ऐसे डायलॉग रखे हैं। हालांकि दर्शकों के लिए उनकी इस बात को पचा पाना आसान नहीं हो रहा है। 'आदिपुरुष' की रिलीज के बाद ट्विटर यूजर्स रामानंद सागर और उनकी 'रामायण' को याद कर रहे हैं। सुनील लहरी के बाद अब 'रामायण' में राम बने अरुण गोविल की प्रतिक्रिया आई है। अरुण गोविल इससे हैरान है कि किस तरह मेकर्स ने यह बनाने का फैसला किया है।

मेकर्स पर भड़के अरुण गोविल
अरुण गोविल ने एबीपी न्यूज से बात करते हुए कहा कि रामायण आस्था का सवाल है और इस तरह की चीजें दिखाया जाना किसी भी तरह से स्वीकार करने लायक नहीं है। अरुण गोविल कहते हैं, 'रामायण हमारे लिए आस्था का विषय है और इसके स्वरूप से किसी भी तरह से छेड़छाड़ अस्वीकार्य है।' उन्होंने यह भी कहा कि रामायण को मॉडर्न कॉन्सेप्ट के साथ जोड़ना बिल्कुल गलत है।

इस तरह के डायलॉग के पक्ष में नहीं- अरुण गोविल
अरुण आगे कहते हैं, 'फिल्म के जो स्पेशल इफेक्ट हैं वह बिल्कुल अलग पहलू है। यह किरदारों को सही तरीके से पेश करने के बारे में है। इस पर पूरी गंभीरता से विचार करना होगा।' मनोज मुंतशिर के लिखे डायलॉग को लेकर लोग भड़के हुए हैं। फिल्म में हनुमान के विवादित डायलॉग पर अरुण ने कहा, 'मैं रामायण में इस तरह की भाषा का समर्थन नहीं करता।' उन्होंने कहा कि मेकर्स ने हॉलीवुड शैली में रामायण बनाई है जिसे पचाना मुश्किल हो रहा है। वह आगे कहते हैं, 'मुझे नहीं समझ आ रहा है कि इस फिल्म को बनाने के बारे में मेकर्स की क्या सोच है।'

'क्या बच्चों को पसंद आई?'
मनोज मुंतशिर और ओम राउत कई बार कह चुके हैं कि 'आदिपुरुष' के जरिए वह आज के बच्चों तक यह कहानी पहुंचाना चाहते हैं। इस पर अरुण गोविल कहते हैं, 'अगर मेकर्स ने यह फिल्म बच्चों के लिए बनाई है तो उनसे पूछिए कि क्या उन्हें यह पसंद आई?'

पहले दिन का कलेक्शन
बता दें कि 'आदिपुरुष' ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर दिया। फिल्म ने वर्ल्डवाइड 140 करोड़ की ओपनिंग ली है। इस तरह 'आदिपुरुष' वर्ल्डवाइड सबसे ज्यादा ओपनिंग करने वाली पैन इंडिया फिल्म भी बन गई है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry