नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने कार्यकाल के दौरान तीसरी बार अमेरिका पहुंचे हैं। मंगलवार रात वह न्यूयॉर्क के जॉन एफ कैनेडी एयरपोर्ट पर उतरे। अमेरिका में उनका भव्य स्वागत किया जा रहा है। इस बार पीएम मोदी राजकीय दौरे पर गए हैं। इसके अलावा उनकी यह यात्रा खास इसलिए भी है क्योंकि वह अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करने वाले हैं। आजादी के बाद से अब तक 34 बार भारत के प्रधानमंत्री अमेरिका जा चुके हैं। इसमें पीएम मोदी सहित नौ प्रधानमंत्रियों का नाम शामिल है। पहली बार पंडित जवाहरलाल नेहरू भारतीय प्रधानमंत्री के तौर पर 1949 में अमेरिकी यात्रा पर गए थे। उस दौरान तत्कालीन राष्ट्रपति हैरी एस ट्रूमैन ने उनका स्वागत किया था।
पंडित नेहरू का तीन अलग-अलग राष्ट्रपतियों ने किया स्वागत
पंडित नेहरू पहली बार 1949 में पांच दिन के अमेरिका दौरे पर गए थे। तब हैरी एस ट्रूमैन ने उनका स्वागत किया। यह एक गुडविल टूर था। उस समय सोवियत संघ और अमेरिका के बीच शीत युद्ध चल रहा था। वहीं भारत ने गुट निरपेक्षता का रास्ता चुना था। इसके सात साल बाद एक बार फिर पंडित नेहरू अमेरिका पहुंचे। उस वक्त राष्ट्रपति डी आइजनहावर ने उनका स्वागत किया। तीसरी बार वह 1961 में पांच दिन के दौरे पर अमेरिका पहुंचे। उस वक्त राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी थे। तब दोनों देशों के बीच शिखर बैठक हुई थी।
इंदिरा गांधी का भी तीन राष्ट्रपतियों ने किया स्वागत
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का भी तीन अलग-अलग राष्ट्रपतियों ने स्वागत किया। 1966 में जब वह अमेरिका गईं तो राष्ट्रपति लिंडन बी जॉनसन थे। उस वक्त पीएम इंदिरा खाद्यान्न की मांग करने के लिए अमेरिका गई थीं। भारत सूखे से जूझ रहा था। अमेरिका ने उस वक्त भारत की मदद की थी। इसके बाद 1971 में इंदिरा गांधी अमेरिका पहुंची तो रिचर्ड निक्सन राष्ट्रपति थे। तीसरी बार 1982 में इंदिरा गांधी अमेरिका गईं तो राष्ट्रपति रोनाल्ड रेगन ने उनका स्वागत किया। उन्हें वहां 19 तोपों की सलामी दी गई थी। इन प्रधानमंत्रियों के अलावा राजीव गांधी, अटल बिहारी वाजपेयी (चार बार), डॉ. मनमोहन सिंह (8 बार) अमेरिका गए। इस बार पीएम मोदी का स्वागत जो बाइडन कर रहे हैं। वहीं 21 सितंबर 2019 को पीएम मोदी के दौरे के वक्त डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति थे और उन्होंने स्वागत किया था। प्रधानमंत्री बनने के बाद 29 सितंबर 2014 को जब पीएम मोदी अमेरिका पहुंचे थे तब तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा ने उनका स्वागत किया था।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

