नईदिल्ली
फिच रेटिंग्स ने चालू वित्त वर्ष 2023-24 के लिए भारत के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के ग्रोथ अनुमान को बढ़ा दिया है। फिच ने GDP ग्रोथ अनुमान को बढ़ाकर 6.3 प्रतिशत कर दिया है। इससे पहले फिच ने भारत की ग्रोथ रेट को 6 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया था। पहली तिमाही में ग्रोथ रेट बेहतर रहने के मद्देनजर रेटिंग एजेंसी फिच ने पूरे वित्त वर्ष के लिए भारत के GDP ग्रोथ अनुमान को बढ़ाया है। इससे पिछले वित्त वर्ष 2022-23 में भारत की वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत रही थी। वहीं 2021-22 में देश की अर्थव्यवस्था 9.1 प्रतिशत की दर से बढ़ी थी।
क्या कहा फिच ने: रेटिंग एजेंसी ने कहा, ''भारतीय अर्थव्यवस्था व्यापक रूप से मजबूत है। 2023 की पहली तिमाही (जनवरी-मार्च) में यह सालाना आधार 6.1 प्रतिशत की दर से बढ़ी है। हाल के महीनों में वाहन बिक्री के आंकड़े बेहतर रहे हैं। इसके अलावा पीएमआई सर्वे और ऋण की वृद्धि भी मजबूत रही है। इसके चलते चालू वित्त वर्ष के लिए हमने वृद्धि दर के अनुमान को 0.3 प्रतिशत बढ़ाकर 6.3 प्रतिशत कर दिया है।''
पहले घटाया था अनुमान: फिच ने मार्च में ऊंची मुद्रास्फीति और ऊंची ब्याज दरों तथा कमजोर वैश्विक मांग के मद्देनजर 2023-24 के लिए भारत के वृद्धि दर के अनुमान को 6.2 से घटाकर छह प्रतिशत कर दिया था। फिच ने कहा कि 2024-25 और 2025-26 में भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 6.5 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
रेटिंग एजेंसी ने कहा कि जनवरी-मार्च की तिमाही में जीडीपी वृद्धि दर उम्मीद से अधिक रही है। इसके अलावा दो तिमाहियों की गिरावट के बाद मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की स्थिति भी सुधरी है। खर्च की दृष्टि से देखा जाए तो जीडीपी की वृद्धि को घरेलू मांग से समर्थन मिलेगा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

