CG के डिप्टी सीएम बने टीएस सिंहदेव, घोषणापत्र के वादों को जल्द करेंगे पूरा

छत्तीसगढ़ रायपुर

रायपुर .

टीएस सिंहदेव छत्तीसगढ़ के पहले डिप्टी सीएम बनेंगे। दिल्ली दौरे से वे राजधानी लौट आए हैं। रायपुर एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े बजाकर उनका स्वागत किया। कांग्रेस के कई नेता भी वहां मौजूद हैं। सिंहदेव के साथ प्रदेश प्रभारी कुमार सेलजा, मोहन मरकाम भी साथ लौटे हैं।

एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान सिंहदेव ने कहा कि हाईकमान ने जो जिम्मेदारी दी है, विधानसभा चुनाव में इसका फायदा कांग्रेस पार्टी को मिलेगा। भारी मतों से जीत दर्ज कर प्रदेश में दोबारा कांग्रेस की सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि घोषणापत्र के कई वादों को हमने पूरा कर दिया है। बाकी वायदों को भी हमारी सरकार जल्द पूरा करेगी।

अंबिकापुर से भी भारी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता सिंहदेव के स्वागत के लिए रायपुर एयरपोर्ट पहुंचे हैं। अंबिकापुर शहर में भी टीएस की भव्य स्वागत करने की तैयारी की जा रही है।

 दिल्ली में छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेताओं की राष्ट्रीय नेताओं के साथ बैठक हुई। मंत्री टीएस सिंहदेव ने मीडिया से चर्चा में कहा था कि प्रदेश में मुख्यमंत्री बदलने का अभी कोई सवाल नहीं है। इस बयान के बाद कांग्रेस ने डिप्टी सीएम की घोषणा कर दी।

मुख्यमंत्री ने फोटो शेयर कर कही ये बात

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीटर पर दोनों की फोटो शेयर करते हुए खुशी जताई। लिखा- हैं तैयार हम… महाराज साहब को उपमुख्यमंत्री के रूप में दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ।

इससे पहले आज दिल्ली में कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के साथ छत्तीसगढ़ के नेताओं की बैठक हुई। जिसमें विधानसभा के साथ-साथ लोकसभा चुनाव को लेकर मंथन किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन केसी वेणुगोपाल ने प्रदेश के नेताओं के साथ करीब तीन घंटे तक चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा की।

सिंहदेव के उपमुख्यमंत्री बनने के मायने

पिछले विधानसभा चुनाव में टीएस सिंहदेव कांग्रेस घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष थे। कांग्रेस के घोषणा पत्र पर भरोसा करके जनता ने वोट दिया और सरकार बनी। पिछले साढ़े चार साल में कई अवसर ऐसे आए, जब सिंहदेव ने घोषणा पत्र के वादों को पूरा करने में असमर्थता जताई। सरगुजा रियासत के राजा टीएस सिंहदेव के पक्ष में क्षेत्र की जनता थी। यही कारण है कि पिछले चुनाव में सरगुजा की 14 विधानसभा सीट में सभी पर कांग्रेस की जीत हुई। क्षेत्र की जनता ने सिंहदेव के चेहरे को देखकर वोट दिया। अब उनको उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी मिलने से सरगुजा में होने वाले डैमेज को कंट्रोल करने के रूप में देखा जा रहा है।

जानिए कौन हैं सिंहदेव

सिंहदेव का जन्म 31 अक्टूबर 1952 को इलाहाबाद में सरगुजा के शाही परिवार में हुआ था। पिता एमएस सिंहदेव मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए थे। मां देवेन्द्र कुमारी मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री रह चुकी हैं। सिंहदेव ने हाईस्कूल की पढ़ाई सिंधिया स्कूल ग्वालियर से की थी।दिल्ली के हिंदू कालेज से इतिहास में स्नातक की उपाधि ली। भोपाल के हमीदिया कालेज से पोस्ट ग्रेजुएशन किया।

सिंहदेव का राजनीतिक करियर अंबिकापुर नगर परिषद से शुरू हुआ। वे 1983-88 और 1995-99 में यहां के अध्यक्ष रहे। 2008 में सरगुजा की अंबिकापुर विधानसभा सीट से विधायक चुने गए। फिर 2013 और 2018 में भी जीतकर विधायक बने। 2013 विधानसभा चुनाव के बाद उनको कांग्रेस विधायक दल का नेता बनाया गया। वर्ष 2018 में कांग्रेस सरकार बनने के बाद उनको स्वास्थ्य, वाणिज्यकर और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का मंत्री बनाया गया। उन्होंने पिछले साल पंचायत विभाग से इस्तीफा दे दिया था।

 

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry