मणिपुर में दो महीने बाद कुकी समुदाय ने खोला नेशनल हाइवे, विष्णुपुर में चार की हत्या

देश

 नई दिल्ली

मणिपुर में हिंसा अभी थमी नहीं है। रविवार को भी खूनी झड़प में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं इस बीच अच्छी खबर यह आई है कि दो महीने के बाद कुकी समुदाय के लोगों ने नेशनल हाइवे-2 को खोल दिया है। कुकी समुदाय के दो संगठनों ने इसे दो महीने से बंद कर रखा था। कुकी समुदाय का कहना है कि कांगपोकपी जिले में दो महीने से जो नाकेबंदी थी, उसे हटा लिया गया है। उनका कहना है कि गृह मंत्री अमित शाह की तरफ से शांति और सद्भाव के लिए गंभीरता दिखाए जाने के बाद यह फैसला किया गया है।

उधर विष्णुपुर और चुराचांदपुर के बॉर्डर पर हुई हिंसक झड़प में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। तीन की मौत गोली लगने से हुई तो वहीं एक का सिर काट दिया गया। दावा यह भी किया गया कि पांच गांव वालों को उग्रवादियों ने बंधक बना लिया है। सीएम एन बिरेन सिंह कुंभी विधानसभा क्षेत्र के अंतरगत आने वाले इलाके में लोगों से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने स्वीकार किया कि सुरक्षा व्यवस्था में चूक हुई। उन्होंने इसे सुधारने का भी वादा किया।

विष्णुपुर में हुई हिंसा को देखते हुए राज्य में कर्फ्यू के समय को बढ़ा दिया गया है। जहां कर्फ्यू में 12 घंटे ढील दी जा रही थी, अब इसे घटाकर केवल पांच घंटे कर दिया गया है। सुबह 5 बजे से 10 बजे तक ही कर्फ्यू में ढील दी जाएगी। वहीं हाइवे की नाकेबंदी से हटने से भविष्य में सुधार के आसार नजर आ रहे हैं। कुकी नेशनल ऑर्गनाइजेशन के सीलेन हाओकिप और यूनाइटेड पीपल्स फ्रंट के प्रवक्ता आरोन किपजेन ने कहा कि उम्मीद है कि शांति स्थापित करने के लिए प्रशासन हर संभव कदम उठाएगा। सूत्रों का कहना है कि खोइजुमानताबी गांव में ग्राम स्वयं सेवकों पर उसवक्त हमला किया गया जब वे पहरा दे रहे थे। गोलीबारी में तीन की मौत हो गई वहीं कई लोग बुरी तरह घायल हो गए।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry