कुशीनगर में इनामी अपराधियों से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद चार बदमाश गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश राज्य

कुशीनगर
यूपी के कुशीनगर में शातिर अपराधियों से पुलिस की मुठभेड़ हुई। पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से दो पर 50 हजार और दो पर 25-25 हजार रुपए का इनाम था। बदमाशों के कब्‍जे से पुलिस ने दो बाइक, 61 एटीएम कार्ड, 40 हजार रुपए, चार असलहे और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं।

एनकाउंटर के दौरान पैर में गोली लगने के बाद तीन बदमाशों को पुलिस ने वहीं से गिरफ्तार कर लिया जबकि चौथा भागते समय गिर गया और पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि चार इनमिया अपराधी कुशीनगर के पटहेरवा थाना क्षेत्र में किसी वारदात को अंजाम देने आने वाले हैं। स्वाट टीम के साथ जिले के सात थानों पटहेरवा, तरयासुजान, खड्डा, तमकुहीराज, जटहा, पडरौना कोतवाली और  हनुमानगंज की पुलिस टीम उनकी तलाश में बुधवार की रात से ही लग गई थी।

गुरुवार को भोर में पटहेरवा थाना क्षेत्र के महुअवा कांटा के पास दो बाइक से चार संदिग्ध आते दिखे तो पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। बदमाश रुकने की बजाय और तेज भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे। जवाबी फायरिंग में तीन बदमाशो के पैर में गोली लगी। चौथा भागते समय गिर पड़ा।

पटहेरवा के प्रभारी निरीक्षक अनिल उपाध्याय ने बताया कि मुठभेड़ में घायल चार शातिर अपराधियो को गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ में घायल हुए बदमाशों की पहचान 50 हजार के इनामी अर्जुन साहनी उर्फ भोलू पुत्र विद्यासागर निवासी चीलबीलवा गोंगा टोला थाना पिपराईच जिला गोरखपुर, 25 हजार के इनामी रामभवन साहनी पुत्र सूर्य बलि साहनी निवासी हैदरगंज थाना पिपराइच, गोरखपुर और धर्मेद्र उर्फ कोइला पुत्र इंद्राशन निवासी जंगल राम लखना सिपाही टोला थाना खोराबार, गोरखपुर के रूप में हुई है। चौथा मोहित पासवान पुत्र जयंत्री पासवान निवासी मुकुंदपुर थाना गौरी बाजार देवरिया का रहने वाला है। उस पर भी 25 हजार रुपए का इनाम था। इन सभी पर गोरखपुर के अलावा कुशीनगर समेत अन्य जिलों में भी अलग-अलग थानों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry